गोशालाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, शासनादेश पर जिले में निराश्रित गोवंशों एवं गोशालाओं की स्थिति को देखने आए नोडल अधिकारी सहारनपुर उपायुक्त ने मंगलवार को जिले के तीन ब्लॉकों की नौ गोशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को गोवंश संरक्षित करने के साथ सड़क पर गोवंशों के घूमने पर रोक लगाने की हिदायत दी।
सोमवार को सहारनपुर उपायुक्त सुरेंद्र राम ने संबंधित अधिकारियों के साथ ब्लॉक जलेसर, अवागढ़ एवं मारहरा ब्लॉक की नौ गोशालाओं का निरीक्षण किया था। वहीं अवागढ़ की नवनिर्मित कान्हा गोशाला बंद होते देख नाराजगी जताई और कान्हा गोशाला का शुभारंभ कर 39 गोवंशों को संरक्षित भी किया। मंगलवार को उपायुक्त ने अलीगंज एसडीएम मानवेंद्र सिंह, डीपीआरओ केके चौहान, सीवीओ डॉ. अनिल कुमार सिंह सहित संबंधित बीडीओ के साथ अलीगंज, जैथरा और सकीट ब्लॉक के तहत आने वाली नौ गोशालाओं का निरीक्षण किया। आजमनगर कान्हा गोशाला को देखा। यहां उन्होंने चारे-भूसे का स्टॉक पर्याप्त होने के साथ सफाई व्यवस्था भी ठीक पाई। गोशालाओं में सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। ताकि गोवंशों को बीमारियों से बचाया जा सके। इसके साथ ही कहा कि किसी भी परिस्थिति में गोवंश सड़कों पर घूमते न मिलें और भूख से मरने न पाएं। मार्गों पर घूमने वाले गोवंशों को हर सूरत में गोशालाओं के अंदर पहुंचवाकर संरक्षित किया जाए। इस मौके पर तहसीलदार राजेश सिंह, डिप्टी सीवीओ संतोष सिंह,डॉ. अंकुर आदि क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे।
मार्गों पर मरने के लिए छोड़ देने वालों पर होगी कार्रवाई
जिले की गोशालाओं का निरीक्षण करने आए सहारनपुर उपायुक्त/नोडल अधिकारी ने बताया कि जब तक गाय दूध देती है तब तक लोग उसे पालते हैं। इसके बाद मार्गों पर मरने के लिए छोड़ देते हैं। ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दूध न देने वाले गोवंशों को लोग गोशाला में पहुंचाएं। ताकि उनको संरक्षित किया जा सके और मरने से बचाया जा सके।