बंबा किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, ।कोतवाली जलेसर के गांव खेड़ा ग्वारऊ का है मामला घर से निकले युवक का शव अगले दिन बंबा किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा और घरवालों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भाई और बेटे ने घर से ले जाकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पोस्टमार्टम गृह पहुंचे भाई लाखन कुमार, बेटे विपिन ने बताया कि शनिवार शाम को रामजीलाल (40) पुत्र निहाल सिंह निवासी खेड़ा ग्यारऊ कोतवाली जलेसर को गांव का ही एक युवक घर से बुलाकर ले गया था। उसके बाद से वह घर नहीं लौटे। रविवार सुबह करीब आठ बजे गांव करनपुर के पास लोगों ने रामजीलाल का शव पड़ा देखा और शिनाख्त करत हुए घरवालों को सूचना दी।
जानकारी पर घरवाले भी पहुंच गए थे। शव को देख परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बेटे विपिन कुमार ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर में आशंका जताई है कि पिता रामजीलाल की हत्या के बाद शव को फेंका गया है। एसएचओ जलेसर जगदीश चंद्र का कहना है कि विपिन ने चार लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शरीर पर घसीटने के निशान, सिर और चेहरे पर चोट
मृतक के शरीर पर घसीटने के भी निशान हैं। साथ ही सिर व चेहरे पर भी चोट के निशान हैं। भाई का आरोप है कि आरोपियों ने घसीटकर रामजीलाल को पीटा और उसकी हत्या के बाद शव को छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी पर स्पेशल सेल पुलिस भी पहुंच गई।