
सर्दी से शहर में घूम रहे गोवंश का बुरा हाल, कई बीमार
एटा, । कड़ाके की सर्दी से शहर में घूम रहे गोवंशो का बुरा हाल है। इनकी कोई सुध लेने वाला नहीं है। मार्गों पर घूम रहे गोवंश चुटैल व बीमार हैं। इनको जगह-जगह बीमार होने स्थिति में पड़ा देखा जा सकता है। उसके बाद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान देने से बच रहे हैं। बीमार व चुटैल गोवंश को देखकर जनमानस आहत हो रहा है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने खुले में घूम रहे गोवंश को गोशालाओं में सुरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। उसके बाद भी इनको गोशाला में सुरक्षित करने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। मार्गों पर घूमते समय वाहनों की टक्कर लगने से यह चुटैल हो रहे हैं। इनके उपचार के लिए संबंधित विभाग को सूचना देते है। उसके बाद भी इनको उपचार नहीं मिल पा रहा है। कड़ाके की सर्दी में मार्गों पर गोवंश को बीमार भी देखा जा सकता है। बीमार गोवंश को सड़क किनारे, गली, मोहल्लों में पड़ा देखा जा सकता है। इसकी अनेक बार लोगों ने पशुपालन विभाग को सूचना दी है। फिर भी इनको उपचार देने, देखभाल को गोशाला भेजने की पहल नहीं हो रही है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोवंशों को लेकर काफी गंभीर हैं। शहर में चुटैल गोवंश घूम रहे हैं। इनको गोशाला तक नहीं पहुंचाया जा रहा है। कुछ गोवंश तो ऐसे हैं जो उठ नहीं पा रहे हैं। एक ही जगह पर भूखे-प्यासे पड़े हैं। जिले में प्रभारी मंत्री, मंत्री गोशालाओ का निरीक्षण कर चले जाते हैं। शहर में घूम रहे गौवंशो का कोई निरीक्षण नहीं करता है। विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ता गोवंशों पर कार्य कर रहे हैं।
अरविंद सिंह चौहान, विहिप विभागाध्यक्ष
शहर में घूम रहे बीमार, चुटैल गोवंश के लिए अभी कोई गोशाला नहीं है। अवागढ़, निधौलीकलां में गोशाला का निर्माण हो रहा है। एक सप्ताह में निर्माण हो जाएगा। उसके बाद घायल व बीमार गोवंश को वहां भेजा जा सकेगा। वर्तमान में लोगों के सूचना देने पर पशु चिकित्सक पहुंचकर बीमार और घायल गोवंश का उपचार कर रहे हैं।
डॉ. अनिल कुमार सिह, सीबीओ