
छेड़छाड़ के मामले में प्रधान समेत तीन पर रिपोर्ट
कासगंज। पटियाली थाना क्षेत्र में खेत पर महिलाओं से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने पीडिता की तहरीर पर एक मौजूदा प्रधान समेत तीन नामजदों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरु कर दी है।
पटियाली थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में एक महिला ने बताया है कि घटना गत 20 दिसंबर की सुबह करीब नौ बजे की है। वह अपनी जेठानी के साथ खेत पर बुबाई करने के लिए जा रही थी। तभी प्रधान कुलदीप, अभिषेक व कुछ भतीजों के साथ खेत पर पहुंच गया और उनके साथ अभद्रता शुरु कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर कुलदीप व अभिषेक उसे घसीटते हुए आम के बाग में ले गए, जहां उसके साथ छेड़छाड़ की गई। उसने चीखपुकार कर विरोध किया।
आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी उसके परिवार वालों को दी। परिवारीजनों ने खेत पर पहुंचकर उसे आरोपियों से छुड़ाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।