
बजट में नई योजनाओं के केंद्र में निकाय चुनाव*
यूपी विधान मंडल के सत्र में सोमवार को अनुपूरक बजट पेश किया गया। सीएम योगी व वित्त मंत्री सुरेश खन्ना मौजूद थे।
बजट में नई योजनाओं के केंद्र में निकाय चुनाव
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। अनुपूरक बजट के महज 33789.54 करोड़ रुपये में से सरकार ने 14 हजार करोड़ रुपये नई योजनाओं के मद में दिया है। इसके माध्यम से नये औद्योगिक क्षेत्र व पार्कों के विकास, निवेश प्रोत्साहन, नये शहरों के विकास की राह आसान हो जाएगी।
सरकार ने इन नई योजनाओं से जहां प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डालर तक ले जाने के संकल्प को आगे बढ़ाया है। वहीं स्मार्ट सिटी मिशन में दस शहरों के लिए 899 करोड़ रुपये के साथ ही नए शहरों के विकास के लिए 4000 करोड़ रुपये की व्यवस्था कर निकाय चुनाव को साधने की कोशिश भी की है। नई परियोजनाओं के माध्यम से सरकार ने कुंभ 2025 की तैयारियां, जी-200 सम्मेलन की बैठकें, 1000 नई बसों की खरीद का इंतजाम किया है।
नये शहरों के लिए 4000 करोड़ से निशाने पर निकाय चुनाव नई योजनाओं की दूसरी सबसे बड़ी योजना नये शहरों के विकास के लिए 4000 करोड़ रुपये है। इससे हाल ही में सरकार द्वारा नये नगर पंचायतों का गठन, नगर पंचायतों, नगर पालिका परिषदों तथा नगर निगमों के सीमा विस्तार के बाद शहरी क्षेत्र घोषित हुए इलाकों का विकास होगा। इसे सीधे तौर पर निकाय चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल ही में प्रदेश में नये नगरीय निकायों का गठन और पुराने निकायों के सीमा विस्तार का काम सरकार ने किया था। निकाय चुनाव की तैयारियां भी इस समय जोरों पर हैं।
नई बसों का सीधा लाभ आम जन को आम आदमी से जुड़ी नई योजनाओं की तीसरी सबसे खास घोषणा 200 करोड़ रुपये की लागत से 1000 नई बसों का खरीदने की व्यवस्था है। कुंभ 2025 की तैयारियां अभी से शुरू कर दिए जाने की दिशा में भी सरकार ने कदम बढ़ा दिया है।