अमृत योजना 2.0 के तहत जैथरा के 3268 घरों में दिए जाएंगे जल कनेक्शन, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, संवाद। अमृत योजना 2.0 के तहत नगर पंचायत जैथरा को चिन्हित किया गया है। कस्बा क्षेत्र के हर घर तक नल से जल उपलब्ध कराने के लिए शासन से कुल 17 करोड़ 83 लाख 75 हजार का बजट स्वीकृत हुआ है। इससे 21 किमी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। नगर पंचायत जैथरा के हर घर में निशुल्क जल संयोजन दिए जाएंगे। इस कार्य को पूरा कराने के लिए जल निगम नगरीय ने टेंडर प्रक्रिया शुरु कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में पाइप लाइन, जलाशय, एवं ओवरहेड टैंक बनाने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
मंगलवार को जल निगम नगरीय एक्सईएन आरके शर्मा एवं एई रवेंद्र कुमार ने संयुक्त रुप से बताया कि अमृत योजना 2.0 के तहत नगर पंचायत जैथरा को चिन्हित किया गया है।जल उपलब्ध कराने के लिए शासन से 17 करोड़ 83 लाख 75 हजार का बजट स्वीकृत हुआ है। इस बजट से जैथरा में चार नए नलकूप का निर्माण एवं एक पुराने नलकूप का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके अलावा 13 सौ लीटर का एक ओवरहैड टैंक और 300 लीटर का एक भूमिगत जलाशय का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 21.52 किमी लंबी की भूमिगत पाइप लाइनें बिछाई जाएगी। इसके माध्यम से क्षेत्र के कुल 3268 घरों को शिुल्क जल संयोजन मुहैया कराए जाएगे।
उन्होंने बताया कि कस्बा क्षेत्र में वर्ष 2025 तक इस योजना को पूर्ण करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि जैथरा में फरवरी से मार्च के बीच निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
? कस्बा क्षेत्र में 1300 लीटर का बनाया जाएगा एक भूमिगत जलाशय
अलीगंज में भी बिछाई जाएगी पानी की पाइप लाइन
एटा। मंगलवार को जल निगम नगरीय अधिकारियों ने बताया कि अमृत योजना 2.0 के तहत अलीगंज पालिका क्षेत्र को भी चिन्हित किया गया है। अलीगंज क्षेत्र में हर घर जल योजना से लाभान्वित करने के लिए डीपीआर बनाकर शासन को भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अलीगंज क्षेत्र कुल 40 करोड़ के बजट से पाइपलाइन, ओवरहैड टैंक, जलाशय, नलकूपों का निर्माण कराया जाएगा। फिलहाल अलीगंज क्षेत्र में निर्माण कराने के लिए बजट स्वीकृत नहीं हुआ है। बजट स्वीकृत होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरु कर दी जाएगी। उसके बाद निर्माण प्रक्रिया शुरु होगी।”