फर्जी आईडी सहित पकड़ी गईं उज्बेकिस्तान की युवतियां

” *फर्जी आईडी सहित पकड़ी गईं उज्बेकिस्तान की युवतियां, रिपोर्ट योगेश मुदगल

आगरा, प्रमुख संवाददाता। ताजनगरी फेस वन स्थित होटल एंपायर से शनिवार की रात पुलिस ने उज्बेकिस्तान की दो युवतियों को गिरफ्तार किया। दोनों फर्जी आधार कार्ड से होटल में रुकी थीं। उनके पास न तो पासपोर्ट मिला और न ही वीजा। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और विदेशी अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा लिखा। रविवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।

लोकल इंटेलीजेंस यूनिट को सूचना मिली थी कि होटल एंपायर में दो विदेशी युवतियां ठहरी हैं। दोनों संदिग्ध हैं। सूचना ताजगंज थाना पुलिस को दी गई। ताजगंज पुलिस को छानबीन में पता चला कि होटल एंपायर पंद्रह दिन पहले ही खुला है। होटल में कमरा लेते समय युवतियों ने आईडी के रूप में आधार कार्ड दिया था। पुलिस होटल पहुंच गई। पुलिस ने दोनों युवतियों को बुलाया। महिला पुलिस कर्मियों ने उनसे बातचीत की। उनसे पूछा गया कि वे कहां की रहने वाली हैं। दोनों युवतियों ने पहले झूठ बोला। खुद को भारतीय बताने लगीं। दिल्ली का पता बताया। पुलिस ने कहा कि यह तो फर्जी है। दोनों घबरा गईं। पुलिस को बताया कि वे उज्बेकिस्तान की निवासी हैं। पुलिस ने उनसे पासपोर्ट मांगा। उनके पास नहीं था। वीजा के बारे में पूछा। वह भी उनके पास नहीं था। युवतियों ने पुलिस से कहा कि पासपोर्ट की फोटो उनके मोबाइल में है। पुलिस को उन्होंने वह दिखाई। उससे देखकर साफ हुआ कि दोनों उज्बेकिस्तान की निवासी हैं।

सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि दोनों युवतियां शनिवार की दोपहर आगरा आई थीं। दिल्ली में कब से रह रही हैं यह छानबीन का विषय है। एक युवती विवाहित है। उसने भारतीय युवक से शादी रचा रखी है। युवती ने पूछताछ में यह जानकारी दी। अपने पति का नाम भी उपलब्ध कराया। पुलिस ने युवतियों की गिरफ्तारी की सूचना उस नंबर पर दी थी।

आधार कार्ड पर नाम भी थे फर्जी पुलिस ने बताया कि आधार कार्ड पर एक युवती का नाम लायला खान पता हरी नगर, आश्रम दक्षिणी दिल्ली तथा दूसरी युवती का नाम डेनीज पता बसंत कुंज, दक्षिण पश्चिम दिल्ली लिखा था। मोबाइल में पासपोर्ट की फोटो देखकर पता चला कि एक युवती का असली नाम दिल्यारा तथा दूसरी का मेक्सा एक्ससॉन है। पुलिस ने अपनी तरफ से ताजगंज थाने में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करना और छल के लिए उनका प्रयोग, 14 विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। दोनों युवतियों को रविवार को रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था। दोनों को जेल भेज दिया गया।

पहले पकड़ी जा चुकी है उज्बेकिस्तान की युवतियां ताजनगरी में पहली बार कोई विदेशी युवती गिरफ्तार नहीं हुई है। पहली बार फर्जी आईडी पर होटल में कमरा लेने पर जरूरी विदेशी युवतियों को पकड़ा गया है। इससे पहले कई बार पुलिस उज्बेकिस्तान की युवतियों को जेल भेज चुकी है। उस दौरान उनकी गिरफ्तारी देह व्यापार अधिनियम के तहत की गई थी। ताजनगरी में कुछ दलाल हैं जो सिर्फ विदेशी युवतियों को ही सप्लाई करते हैं। पुलिस ने बताया कि युवतियों के मोबाइल की जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि वे आगरा में किसी के संपर्क में तो नहीं थीं।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks