भेड़-बकरी चोर से भू माफिया और अब सजायाफ्ता हुए आजम, बना मुकदमों का शतक रिपोर्ट योगेश मुदगल

सपा के वरिष्ठ नेता और मुस्लिम चेहरा कहे जाने वाले आजम खान योगी सरकार में अपराधों के ऐसे शतकवीर बने कि भेड़-बकरी चोर से भू-माफिया और अब वह सजायाफ्ता भी हो गए हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा मुस्लिम चेहरा कहे जाने वाले आजम खान योगी सरकार में अपराधों के ऐसे शतकवीर बने कि भेड़-बकरी चोर से भू-माफिया और अब वह सजायाफ्ता भी हो गए हैं। उन पर न सिर्फ सौ से अधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं बल्कि, 81 केस ऐसे हैं जिनमें चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है।
बेटे के दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का मामला हो या फिर दो पैनकार्ड का। कोसी की परती भूमि हो या फिर वक्फ की फर्जी डीड बनाकर शत्रु संपत्ति कब्जाने का आरोप…,सूबे में योगी सरकार आते ही पूर्व मंत्री एवं सपा सांसद मोहम्मद आजम खां निशाने पर आ गए। उनकी घेराबंदी इस तरह से की गई कि आजम की दिनोंदिन मुश्किलें बढ़ने लगीं। जिसके चलते अब तक सौ से अधिक केस दर्ज हो चुके हैं। रामपुर में ही नहीं उनके खिलाफ मुरादाबाद, बदायूं, लखनऊ में भी मुकदमें दर्ज हैं। मनी लॉड्रिंग में ईडी की जांच जारी है। वहीं, जलनिगम भर्ती घोटाले में भी एसआईटी रिपोर्ट दे चुकी है।
पाजेब लूटने से लेकर जमीन कब्जाने तक के केस
सपा सांसद आजम खां पर पाजेब, बकरी, भैंस लूटने से लेकर सरकारी जमीन कब्जाने, नदी की जमीन पर कब्जा करने, शत्रु संपत्ति कब्जाने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, आचार संहिता उल्लंघन, अमर्यादित टिप्पणी करने सरीखी धाराओं में न सिर्फ केस दर्ज हैं। डूंगरपुर प्रकरण को लेकर शुक्रवार को ही पुलिस ने मोहम्मद आजम खां पर षणयंत्र रच डकैती, छेड़छाड़, धमकाना, मारपीट, गाली गलौज, तोड़फोड़, बलवा आदि कराए जाने की चार्जशीट दाखिल की है।
भू माफिया घोषित किए जा चुके हैं आजम
जौहर विवि के लिए कूट रचित दस्तावेज तैयार कर शत्रु संपत्ति से लेकर नदी की जमीन तक पर कब्जा करने के आरोप में पूर्व जिला प्रशासन द्वारा शासन के एंटी भू-माफिया पोर्टल पर आजम खां का नाम दर्ज कर उन्हें भू-माफिया घोषित किया जा चुका है।
102 मुकदमों में आजम नामजद आरोपी।
01 केस में नामजदगी पायी गई झूठी।
09 मुकदमें पूर्व में शासन ने चुका है वापस।
81 मुकदमों में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है पुलिस।
04 केस में विवेचानाधीन।
अदालतों में स्थिति
एडीजे-4 में 25 मामलों में साक्ष्य।
एसीजेएम-1 में 14 मामलों में साक्ष्य।
एसीजेएम-1 में 40 मामलों में नकल आरोप।
अन्य जनपदों में दर्ज केस में स्थिति
मुरादाबाद के छजलैट में दर्ज केस में आरोप पत्र प्रेषित
मुरादाबाद के कटघर में दर्ज केस में आरोप पत्र प्रेषित
छजलैट में दर्ज एक अन्य केस में भी आरोप पत्र प्रेषित
फिरोजाबाद के रसूलपुर में दर्ज केस में भी आरोप पत्र प्रेषित
चार जनवरी 2019 – भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने आजम खां, उनकी पत्नी व बेटे के खिलाफ दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के आरोप में धोखाधड़ी का मुकदमा कराया।
आठ अप्रैल 2019 – टांडा के जनता राइस मिल मैदान में हुई जनसभा में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषण देने पर मुकदमा दर्ज किया गया।
14 अप्रैल 2019- शाहबाद कोतवाली में भाजपा प्रत्याशी एवं फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर मुकदमा।
01 जून 2019- जौहर यूनिवर्सिटी में कोसी नदी क्षेत्र की पांच हेक्टेयर जमीन कब्जाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में नायब तहसीलदार केजी मिश्रा ने आजम खां और आले हसन खां पर अजीमनगर थाने में मुकदमा कराया।
02 जुलाई 2019- अधिवक्ता मुस्तफा हुसैन ने मुरादाबाद के कार्यक्रम में मुरादाबाद के सांसद एसटी हसन द्वारा जयाप्रदा के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर आजम खां, उनके बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम समेत छह लोगों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा कराया।
12 जुलाई 2019 -जौहर यूनिवर्सिटी के लिए 26 किसानों की जमीन कब्जाने के आरोप में राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार ने आजम और आले हसन खां पर अजीमनगर थाने में मुकदमा कराया।
30 जुलाई 2019- यूनिवर्सिटी से मदरासा आलिया की किताबें बरामद, चोरी के मुकदमे में नाम शामिल।
11 सितंबर 2019- बकरी चोरी, गाय चोरी व हत्या का भी मुकदमा। शहर कोतवाली में यह मुकदमा यतीमखाना घोसियान की नसीमा खातून ने दर्ज कराया है।
18 सितंबर 2019- क्वालिटी बार संचालक गगन अरोड़ा ने सिविल लाइंस कोतवाली में सांसद आजम खां, उनके करीबी डीसीडीएफ के पूर्व चेयरमैन मास्टर जाफर, सेवानिवृत्त सीओ आले हसन खां और सहकारी संघ के तत्कालीन सचिव कामिल खां के खिलाफ लूट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
04 नवंबर 2019- भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने आजम खां और अब्द्ल्ला पर दो पैन कार्ड बनवाने का मुकदमा कराया।