*निकाय चुनाव के लिए 270 बी एल ओ लगाए गए, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, नगर निकाय चुनाव के लिए वोट घटाने-बढ़ाने का काम चल रहा है। इसके लिए 270 बीएलओ लगाए गए हैं। बीएलओ के अलावा चुनावों की तैयारियां कर रहे लोग भी इस कार्य में जुटे हुए हैं।
निकाय के चुनावों की तारीखों का तो अभी कोई पता नहीं है, लेकिन इस समय हर गली में वोट को लेकर चर्चा है। घर-घर पहुंचकर बीएलओ मतदाता से संपर्क कर रहे हैं। जनपद की 11 नगर निकायों में इस कार्य के लिए 270 बीएलओ लगाए गए हैं। पुरानी मतदाता सूची को साथ लेकर चल रहे हैं। घरों पर पहुंचकर मतदाताओं के बारे में सूचना ले रहे हैं। इस समय घर में कितने वोटर हैं। कोई नया वोट तो नहीं बनना है। अगर कोई नया वोटर होता है तो उसे फार्म देकर वोटर भी बनाया जा रहा है। बीएलओ को यह कार्य 27 अक्तूबर तक पूरा कर लेने के निर्देश राज्य चुनाव आयोग की ओर से दिए गए हैं।
राजनीतिक दल भी जुटे तैयारियों में
नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दल भी तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा ने सभी निकायों के प्रभारी तय कर दिए हैं। टिकट मांगने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक दावेदार अभी भाजपा के पास हैं। सपा, बसपा, कांग्रेस भी इस बार मजबूत प्रत्याशी उतारने में जुटी हुई है।
मिरहची में पहली बार होगा नगर पंचायत चुनाव
इस बार नगर पंचायत चुनाव में मिरहची का नाम बढ़ गया। यहां पर बार्ड बना दिए गए हैं। वार्डों में मतों का सर्वे किया जा रहा है। बार्ड में सर्वे का काम दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा नगर पालिका मारहरा का सीमा विस्तार होने से वहां पर भी अलग से सर्वे हो रहा है।”