
“बकाया बिल वसूली को लेकर जनपद में वृहद स्तर पर चलाया जाएगा अभियान”
एटा।जनपद में 42 हजार बकाएदारों पर निगम का करीब 122 करोड़ रुपया बकाया है। राजस्व वसूली कम होने के कारण यूपीपीसीएल उच्चाधिकारियों ने चिंता जताते हुए विद्युत वितरण खंड के तीनों एक्सईएन को प्रत्येक बिजलीघर पर राजस्व वसूली के लिए दस दिन कैंप लगाकर राजस्व वसूली करने के निर्देश जारी किए है।
शुक्रवार को विद्युत वितरण मंडल एसई राज कुमार ने बताया कि जनपद में बिजली खपत के अनुसार राजस्व वसूली की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। जिले में करीब 42 हजार से अधिक छोटे-बड़े बकाएदार हैं जिन पर करीब 122 करोड़ रुपया बकाया है। ग्रामीण क्षेत्र के ही करीब 40 हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर निगम का 115 करोड़ से अधिक रुपया बकाया बना हुआ है। यह उपभोक्ता केवल वह है जिन पर दस हजार से एक लाख के बीच बकाया है। बाकी छोटे बकाएदार हैं।
विद्युत वितरण खंड ग्रामीण प्रथम एक्सईएन एसपी सिंह ने बताया कि उनके डिविजन में 14 हजार उपभोक्ताओं पर 40 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें से 50 फीसदी ऐसे उपभोक्ता है, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद से आज तक बिजली का बिल जमा नहीं किया है। सर्वाधिक बकाय अवागढ़, अलीगंज और जैथरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर है। विद्युत वितरण ग्रामीण खंड द्वितीय एक्सईएन एसपी सिंह ने बताया कि उनके डिविजन में 97 हजार से अधिक उपभोक्ता है।
इनमें से 26 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं। जिन्होंने कई वर्ष से बिजली का बिल जमा नहीं किया है। इसके कारण इन सभी उपभोक्ताओं पर निगम का 75 करोड़ से अधिक रुपया बकाया है। विद्युत वितरण शहरी एक्सईएन आरबी रॉय ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 32 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता है। इनमें से दो हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं पर निगम का सात करोड़ रुपया बकाया है।
दस दिन चलेगा वसूली अभियान
एटा। शुक्रवार को विद्युत वितरण मंडल एई ने बताया कि यूपीपीसीएल चेयरमैन एवं डीवीवीएनएन एमडी के निर्देशानुसार एक अक्तूबर से दस अक्तूबर तक जनपद के प्रत्येक बिजली घर पर बकाया वसूली अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बकाया भुगतान न करने पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएगे। शहरी क्षेत्र के पांचों बिजलीघर सहित देहात क्षेत्र के 35 बिजलीघरों पर यह अभियान वृहद स्तर पर चलाया जाएगा। सभी बिजलीघरों पर निगम को कम से कम 45 करोड़ की वूसली करनी है।