एटा: स्कूलों में नहीं बन रहा मध्याह्न भोजन, 6 प्रधानाचार्यों को नोटिस, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा।जलेसर। सरकारी तथा गैर सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए मध्याह्न भोजन में लापरवाही और मनमानी बरती जा रही है। जलेसर और अवागढ़ ब्लॉक क्षेत्र के छह विद्यालयों में मध्याह्न भोजन नहीं बनाया जा रहा। इस पर सभी के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किए गए हैं।
नगर के आदर्श इंटर कॉलेज में कक्षा छह से आठवीं तक 396 बच्चे पंजीकृत हैं। इस विद्यालय में बच्चों के लिए दो दिन से एमडीएम नहीं बना है। जिस पर बीएसए द्वारा नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
वहीं नगर के ही एमजीएम इंटर कॉलेज में कक्षा छह से आठवीं तक 179 बच्चे पंजीकृत हैं। इसमें एमडीएम बनने की सूचना 17 दिन से विद्यालय प्रशासन द्वारा नहीं दी गई है। जलेसर ब्लॉक के ही प्राथमिक विद्यालय सिरगवां के प्रधानाध्यापक को भी नोटिस भेजा गया है। जबकि अवागढ़ ब्लॉक के गांव अंबररपुर के प्राथमिक विद्यालय में कुल 10 बच्चे ही पंजीकृत हैं।
इस विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने 7 दिन से मध्याह्न भोजन नहीं बनवाया है। इसी ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय पवाह में भी दो दिन से एमडीएम नहीं बना है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय दोपहिया के प्रधानाध्यापक को भी एमडीएम की सूचना न दिए जाने पर नोटिस भेजा गया है। बीएसए संजय सिंह ने बताया कि मध्याह्न भोजन की सूचना न दिए जाने पर नोटिस जारी किए गए हैं। सभी संबंधित प्रधानाचार्यों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।