
एटा गांव ओनघाट निवासी सौरभ (18) दोपहर करीब एक बजे अपनी बकरियों को चराने काली नदी की ओर गया था। इसी दौरान एक बकरी पानी पीने के लिए नदी की ओर जाने लगी। उसे पकड़ने के लिए सौरभ नदी किनारे पहुंच गया। इसी दौरान मगरमच्छ निकलकर आया और उस पर झपट्टा मार दिया।
मगरमच्छ ने सौरभ के पैरों को जबड़े में जकड़ लिया और नदी में खींच ले गया। आसपास भैंस चरा रहे कुछ लोगों ने देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। नदी किनारे कई लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने पानी में ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिए। करीब 20 मिनट बाद मगरमच्छ वहां से दूसरी ओर चला गया।
घटना से इलाके में दहशत
मगरमच्छ के जाने के बाद ग्रामीणों ने सौरभ को पानी से निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ओनघाट सहित नदी किनारे बसे गांव उज्जैपुर, मिलावली, गढ़ी बेंदुला, अथैया, नगला लक्ष्मण के लोग दहशत में आ गए हैं। नदी की ओर जाने से भी डर रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक मगरमच्छ कई दिनों से नदी में देखा जा रहा है, लेकिन इसकी सूचना कहीं नहीं दी थी। हादसे के बाद बागवाला सहित कोतवाली देहात की पुलिस भी पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बागवाला थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मगरमच्छ ने युवक पर हमला किया था। डूबने से उसकी मौत हुई है।