
ट्यूबवेल आपरेटरों की मनमानी
भीषण गर्मी में नहीं चलाते ट्यूबवेल
एटा। नगर पालिका परिषद के ट्यूबवेलों पर तैनात ट्यूबवेल आपरेटरों की मनमानी से नगर की जनता त्राहि-त्राहि कर उठी है। पिछले तीन दिनों से ट्यूबवेल आपरेटरों द्वारा ट्यूबवेल न चलाये जाने से महाराणा प्रताप नगर, ठंडी सड़क से काली मंदिर मार्ग पर अंधी मोड़, विकास नगर में पेयजल जल की आपूर्ति बंद है। लोग टंकी की टोंटियों के पास बैठ कर प्रात: 6 बजे से 8 बजे तक देखते रहते हैं लेकिन जलापूर्ति नहीं होती। ऐसा भी नहीं है कि 6 से 8 बजे के बीच विद्युत कटौती होती हो, लगातार बिजली आने के बाद भी ट्यूबवेल न चला कर नगर की जनता को परेशान किया जा रहा है।
गत दिनों अंधी मोड़ के पास चल रहे सीवर कार्य से बंद पानी की शिकायतों के कारण भ्रमण पर आईं चेयरमैन श्रीमती मीरा गांधी को जलापूर्ति व अन्य समस्याओं के सम्बंध में दैनिक राष्ट्रीय कोहिनूर के सम्पादक द्वारा अवगत कराया गया। श्रीमती गांधी द्वारा दूसरे दिन ही नगर पालिका द्वारा की जाने वाली जलापूर्ति को चालू कराकर जनता को राहत पहुंचाने का काम किया गया लेकिन नगर पालिका के ट्यूबवेल आपरेटर द्वारा ट्यूबवेल न चलाये जाने से चेयरमैन श्रीमती गांधी के द्वारा जलापूर्ति चालू कराने हेतु किए गए सारे प्रयास निष्फल हो गये। अंधी मोड़ के आसपास के क्षेत्र में सुबह-शाम दोनों समय में एक बार भी पानी नहीं आ रहा है जिससे जनता में पेयजल के लिए त्राहि-त्राहि मच गई है।