दिल्ली के जहांगीरपुरी में बवाल के बाद यूपी पुलिस हाई अलर्ट पर,नोएडा-गाजियाबाद में फ्लैग मार्च

दिल्ली के जहांगीरपुरी में बवाल के बाद यूपी पुलिस हाई अलर्ट पर,नोएडा-गाजियाबाद में फ्लैग मार्च

लखनऊ।दिल्ली के जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर जमकर बवाल हुआ।उपद्रवियों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इस घटना में पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हो गए।पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है।जहांगीरपुरी बवाल के बाद सुरक्षा को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस राज्य में पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है। दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।वही दिल्ली के कुछ इलाकों में संप्रदायिक हिंसा को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है वहीं पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है।

उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में सांप्र​दायिक हिंसा के बाद स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए नोएडा में गश्त बढ़ा दी गई है।गौतमबुद्ध नगर जिले की पुलिस पूरी तरह से हाई अलर्ट पर है। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आयुक्त आलोक सिंह के निर्देश पर नोएडा, सेंट्रल, नोएडा और ग्रेटर नोएडा तीनों पुलिस जोन में गश्ती बढ़ा दी गई है।उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, शॉपिंग मॉल के पास,मेट्रो स्टेशन और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में गश्त बढ़ाई गई है।

नोएडा में लव कुमार ज्वाइंट सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) ने बताया कि दिल्ली की संवेदनशील घटना के बाद जनता के लिए विश्वास और सुरक्षा का माहौल बनाने के लक्ष्य के साथ पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है।जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है।

मेरठ में भी सतर्क हुई पुलिस

सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि जहांगीरपुरी हिंसा के बाद राज्य भर के संवेदनशील इलाकों और दिल्ली से सटे इलाकों में पुलिस टीमें हाई अलर्ट पर हैं। मेरठ में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।किसी भी असामान्य स्थिति उत्पन्न होने पर समय पर कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली पुलिस के साथ जानकारी की जा रही है साझा

एडीजी लाॅ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि दिल्ली में हुई घटना को देखते हुए हमने फील्ड अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों और दिल्ली से सटे इलाकों में गश्त करने और पर्याप्त बल तैनात करने का निर्देश दिया है।असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम दिल्ली पुलिस के साथ वास्तविक समय की जानकारी साझा कर रहे हैं।

आपको बता दें कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव पर निकाले गये जुलूस पर पथराव के बाद हिंसा भड़क गयी।इसमे 9 लोग घायल हो गये। इस हिंसा में एक पुलिसकर्मी को गोली भी लगी है।इस घटना पर पुलिस ने जानकारी दी कि जहांगीरपुरी हिंसा में अब तक 9 आरोपी गिरफ़्तार हुए। 8 पुलिसकर्मियों और 1 नागरिक सहित 9 लोग घायल हो गए और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। एक सब-इंस्पेक्टर को गोली भी लगी है,उनकी हालत स्थिर है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks