मुरादाबाद
ठाकुरद्वारा कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर नाम बदलकर दिल्ली का वासी बन गया। पुलिस ने 28 साल बाद पकड़ा तो फर्जी दस्तावेज से दिल्ली की नागरिकता प्राप्त करने का खुलासा हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।

कोतवाली प्रभारी मोहित कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन कर रही है। इसी दरमियान मुखबिर ने अर्से से लापता हिस्ट्रीशीटर जहांगीर पुत्र अब्दुल गनी निवासी नई बस्ती मोहल्ला जमनावाला के तिकोनिया बस स्टैंड पर खड़ा होने की सूचना दी। उन्होंने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ तिकोनिया बस स्टैंड पहुंचकर पूछताछ की तो वह सकपका गया। उसने अपना नाम युसूफ पुत्र छोटे अली निवासी मकान नंबर 271, गली नंबर 10, ई ब्लाक श्रीराम कालोनी दिल्ली बताया। उसने दिल्ली के नाम पता के मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और स्कूटर के कागज भी दिखाएं। पुलिस ने कोतवाली लाकर रजिस्टर नंबर 8 चेक किया। इसमें हिस्ट्रीशीटर खाका पर लगा फोटो उसकी दिल्ली के पते की वोटर आईडी पर लगे फोटो से मिलताजुलता निकला। फोटो में क्लीनशेव था, अब उसने दाढ़ी भी बढ़ा ली थी। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि ठाकुरद्वारा में रहकर चोरी और लूट आदि अपराध किए थे। हिस्ट्रीशीट खुलने पर पुलिस से परेशान रहता था। लिहाजा वह 1994 में पत्नी और बच्चों के साथ भागकर दिल्ली चला गया था। दोस्त और रिश्तेदारों से संबंध खत्म कर दिल्ली में हुलिया बदलने के बाद दस्तावेज भी नाम बदलकर यूसुफ अली के नाम से बनवा लिए थे। दिल्ली में मछली बेच कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। उसने अपने बच्चों के प्रमाण पत्रों पर भी वाल्दियत युसूफ अली करवा दी थी। आज वह ठाकुरद्वारा अपने भाई आलमगीर से मिलने आया था। पुलिस ने बरामद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जहांगीर के खिलाफ धारा 420 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
ठाकुरद्वारा में 64 एचएस, तीन अभी लापता
कोतवाली प्रभारी मोहित कुमार चौधरी के अनुसार ठाकुरद्वारा कोतवाली में 64 हिस्ट्रीशीटर हैं। उनकी पोस्टिंग के वक्त सात हिस्ट्रीशीटर गायब थे। उन्होंने सभी के वेरिफिकेशन के लिए अभियान चलाया। इनमें चार हिस्ट्रीशीटर मिल चुके हैं। जिसमें मोहल्ला मनिहारा निवासी शरीफ उर्फ चूहा को पकड़ा था। वह भी करीब 20 साल से मैनाठेर में रह रहा था। उन्होंने बताया कि अभी 3 हिस्ट्रीशीटर का सत्यापन होना बाकी है