
यूक्रेन के बंकरों में छात्रों का दहशत के बीच कट रहा पल – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – यूक्रेन पर रूस की टीम 16 फरवरी को हमला करेगी। ऐसा ऐलान रशियन सरकार ने कर दिया है। इससे यूक्रेन में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे जिले के करीब 50 छात्र-छात्राओं समेत उनके स्वजन की धड़कनें भी बढ़ गई हैं। वहां से वापस आने की कोई ठोस व्यवस्था न होने से विद्यार्थी यूक्रेन में तो अभिभावक अलीगढ़ में परेशान हैं। वहां रह रहे विद्यार्थियों की परेशानी का आलम ये है कि यूक्रेन में बने बंकरों में उनका एक-एक पल दहशत में कट रहा है। शहर में धीरज पैलेस के मालिक व होटल व्यवसायी पंकज धीरज ने बताया कि उनकी बेटी फाल्गुनी धीरज एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा है। जो यूक्रेन में रहकर तैयारी कर रही है। उससे फोन पर बात हुई तो उसने बताया कि रेलवे या मेट्रो स्टेशन के आस-पास अंडरग्राउंड बंकर तैयार किए गए हैं, जिनमें भारतीय विद्यार्थियों को ठहरने के लिए कहा गया है। ताकि हमले में कोई हथियार इन बंकरों को भेद न सके। इससे काफी खौफ का माहौल बना हुआ है। बताया कि वहां से आने के लिए फ्लाइट भी नहीं हैं। जो फ्लाइट हैं उनका किराया एक से डेढ़ लाख रुपये तक कर दिया गया है। जो आम दिनों में 22 से 25 हजार रुपये रहता है। पंकज धीरज ने बताया कि प्रधानमंत्री को ट्वीट कर मांग की गई है कि भारतीय विद्यार्थियों को सकुशल वतन वापसी कराने का दायित्व सरकार निभाए। 12 से 15 अभिभावक बुधवार को डीएम को ज्ञापन सौंपने भी जाएंगे। इसमें तत्काल बच्चों की वतन वापसी के प्रयास कराने की मांग की जाएगी।