
अब पंचायत घरों में मिलेगी कंप्यूटर शिक्षण की सुविधा – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – पंचायत भवनों में अब ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का खाका तैयार होने के साथ ही छात्र-छात्राएं कंप्यूटर कोर्स भी कराया जाएगा। प्रदेश में अलीगढ़ जिले से इस अनोखी पहल की शुरुआत हो रही है। छठवीं से लेकर आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को तीन-तीन महीने का बेसिक कोर्स कराया जाएगा। जिला पंचायती राज विभाग की तरफ से पूरा कोर्स करने वाली छात्र – छात्राओं को प्रमाण पत्र भी मिलेगा। पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जिले के हर ब्लाक से एक पंचायत का चयन किया जा रहा है। इन पंचायतों में सफलता मिलने पर पूरे जिले में यह योजना लागू की जाएगी। ग्राम पंचायतों में तैनात कंप्यूटर आपरेटर को ही क्लास संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। 2017 में प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद गांव देहात के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। सबसे अधिक काम पंचायत भवनों पर हुआ है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले भर में पिछले तीन सालों में कुल 867 पंचायतों में से 649 पंचायत भवन नए बनाए गए हैं। पुराने भवनों का भी कायाकल्प हुआ है। करीब 32 करोड़ की धनराशि इन्हीं पर खर्च हुई है। सरकार अब इन पंचायत भवनों के उपयोग पर जोर दे रही है। हर पंचायत भवन में बैठने के लिए ग्राम पंचायत में एक कंप्यूटर आपरेटर की भर्ती की गई है। प्रधान व सचिवों के साथ यह गांव के विकास कार्यों का लेखा-जोखा तैयार कर रहे हैं। पंचायती राज विभाग ने अब जिले में अनोखी पहल शुरू की है। पंचायत भवनों में कंप्यूटर की कक्षाएं शुरू की जा रही हैं। ग्राम पंचायत के छठवीं से लेकर आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को मुफ्त में कंप्यूटर कोर्स कराया जाएगा। तीन महीने के इस कोर्स में करीब 22 घंटे एक छात्र को पढ़ाया जाएगा। इसमें सभी बेसिक जानकारी होंगी। एक दिन में तीन से चार बैच संचालित होंगे।