
विद्यालयों में कोरोना गाइडलाइंस के पालन के साथ कक्षाएं संचालित करने के आदेश – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – कोरोना संक्रमण के मरीज जिले में भी मिल रहे हैं। अन्य जिलों में भी काेविड-19 संक्रमण बढ़ रहा है। इसके चलते शासन की ओर से विद्यालयों में कोरोना गाइडलाइंस के पालन के साथ कक्षाएं संचालित करने के आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों में सामूहिक रूप से होने वाली खेल गतिविधियों व प्रार्थना सभा को फिलहाल रोकने के लिए कहा गया है। कोरोना संक्रमण से एहतियात बरतने के लिए ये कदम उठाया गया है। माध्यमिक शिक्षा हो या बेसिक शिक्षा या सीबीएसई और आइसीएसई बोर्ड क्यों न हो हर जगह विद्यार्थियों की प्रार्थना सभा में पहले ‘डेंगू’ आ गया था। अब कोविड-19 संक्रमण का खतरा फिर से आ गया है। इसलिए अफसरों ने सभी बोर्ड के शैक्षिक संस्थानों के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए अफसरों ने प्रधानाचार्यों को खास व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सुबह की प्रार्थना सभा में शामिल होने वाले बच्चों को प्रार्थना सभा या सामूहिक खेल गतिविधियों से दूर रहने के बारे में प्रेरित किया जाएगा। निर्देशित किया है कि स्कूल या कालेजों में ऐसे बच्चों पर विशेष तौर पर निगाह रखी जाए जो पिछले दो दिनों से स्कूल नहीं आ रहे हैं। उनके बारे में जानकारी कर विद्यालय प्रबंधन के साथ पड़ताल की जाए और उनके अभिभावकों से संपर्क किया जाए। इसके अलावा विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को आपस में विभिन्न संक्रमणों के बारे में बताने और अगर संक्रमण हो जाए तो क्या-क्या कदम उठाए जाएं? इनके बारे में भी बताने की व्यवस्था की जाएगी। स्कूल-कालेजों में शारीरिक दूरी के नियम के पालन व मास्क के उपयोग को अनिवार्य किया गया है। इन आदेशों का पालन केवल माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में ही नहीं होना है बल्कि सीबीएसई और आइसीएसई से संबद्ध स्कूल कालेजों में भी इनका पालन कराना अनिवार्य है। इस संबंध में अफसरों की ओर से सभी बोर्डों के प्रधानाचार्य व प्रबंधकों को पत्र जारी कर दिया गया है। साथ ही विद्यार्थियों को भी बताया गया है कि उनको अभिभावकों की अनुमति के साथ ही विद्यालय आना है। बिना अभिभावकों की अनुमति के किसी भी विद्यार्थी को विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।