
डीएम के आदेश: नियमों के साथ हो पूरे कागजात – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – नियमों के साथ पूरे कागजात रखने वाले भट्ठा संचालकों को जिले में कोई दिक्कत नहीं होनी दी जाएगी। वहीं, जिनके पास कुछ कागजात अधूरे हैं, उन्हें एक महीने में पूरा करने का मौका मिलेगा। नियमों के खिलाफ चलने वाले भट्ठों पर ही कार्रवाई होगी। यह आश्वासन सोमवार को डीएम सेल्वा कुमारी ने भट्ठा संचालकों को जनप्रतिनिधि व भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में आयोजित बैठक में दिया। उन्होंने कहा कि, एनजीटी के नियमों का उल्लंघन करने वाले भट्ठों पर ही कार्रवाई होगी।जिले में कुल 350 ईंट भट्टे संचालित हैं। अलीगढ़ के भट्ठों से दिल्ली एनसीआर के जिलों में भी ईटों की खूब आपूर्ति होती है। जिले के कौड़ियागंज क्षेत्र में ही दर्जनों भट्ठे संचालित हैं। पिछले दिनों एनजीटी ने नोएडा, बुलंदशहर व मथुरा जिलों में भट्ठों के संचालन को लेकर सख्ती कर दी है। अब बीते दिनों झम्मनलाल गौतम नाम के व्यक्ति ने एनजीटी में अलीगढ़ के भट्ठों को लेकर भी याचिका दायर की। इस पर अब एनजीटी की तरफ से जिला प्रशासन को इस आदेश को लागू कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसील स्तर पर एसडीएम ए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारीए जिला पंचायत के एएमए व खनन अधिकारी की संयुक्त टीम गठित की गई है। इन टीमों ने कार्रवाई शुरू कर दी। भट्ठा संचालकों में इसको लेकर भय का माहौल है।कलक्ट्रेट में हुई बैठक : सोमवार को एनजीटी के इस आदेश को लेकर कलक्ट्रेट में डीएम सेल्वा कुमारी जे की अध्यक्षता में भट्ठा संचालकों की बैठक हुई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष चौ. ऋषिपाल सिंह, छर्रा विधायक रवेंद्र पाल सिंह, खैर विधायक अनूप वाल्मीकि, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह भी शामिल हुए।