
दूसरे राज्यों से लौटे यात्रियों की निगरानी और सैंपलिंग – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रोन को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। खासतौर से कोविड सैंपलिंग में तेजी लाई जा रही है। सोमवार को करीब तीन हजार लोगों की सैंपल लिए गए। सप्ताहभर में दो संक्रमित मरीज सामने आने के बाद और ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। विदेश से आने वालों की जो सूची मिली है। उसे स्वास्थ्य कर्मियों को देकर स्क्रीनिंग और आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है। वहीं, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से दूसरे राज्यों से लौटे लोगों की निगरानी भी की जा रही है। लोगों से मास्क लगाने, दो गज दूरी बनाने को जागरूक किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आनंद उपाध्याय ने बताया कि ओमिक्रोन का खतरा बढ़ता जा रहा है, लेकिन लोग बचाव को लेकर लापरवाही बरत रह रहे हैं। बिना मास्क लगाए बाजारों, स्कूलों, अस्पतालों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर घूम रहे हैं। जबकि, शासन ने विदेशों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के विदेशों में फैलाव को देखते हुए मास्क लगाने, दो गज की दूरी व हाथ साफ करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग भी काफी सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम बनाकर विदेश से आए लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। हालांकि, शासन के निर्देश के बाद भी लोग बाजार से लेकर सरकारी, प्राईवेट अस्पतालों में कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहे।