
होटल के मैनेजर का शव मिला सड़क किनारे – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – शहर के एक नामचीन होटल मेलरोज-इन के मैनेजर पुष्प कुमार वार्ष्णेय का शव सोमवार को खैर क्षेत्र के अलीगढ़-पलवल मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा मिला। 68 वर्षीय मैनेजर होटल से रोज की तरह घर के लिए निकले थे। स्कूटी व फोन भी गायब हैं। मैनेजर के बेटा ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि मकान बेचने को लेकर धमकी मिल रही थी। मूल रूप से शहर के सासनीगेट क्षेत्र के खिरनीगेट इलाके के रहने वाले 68 वर्षीय पुष्प कुमार वार्ष्णेय वर्तमान में गांधीपार्क क्षेत्र के प्रीमियर नगर में परिवार के साथ रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब पांच बजे खैर क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल रोड पर चौधाना पेट्रोल पंप के पास अज्ञात शव मिला। जिसकी शिनाख्त होटल मैनेजर पुष्प कुमार वाष्र्णेय के रूप में हुई। मैनेजर के बेटा कपिल ने बताया कि पिता रोज की तरह सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक्टिवा स्कूटी से होटल के लिए निकले थे। एक बजे मां मिथलेश को फोन कर घर आने की बात कही थी। जब तीन बजे तक घर नहीं पहुुंचे तो पिता को फोन किया गया। लेकिन, फोन बंद था। तलाश शुरू की गई। इधर, शाम करीब छह बजे खैर पुलिस से शव मिलने की सूचना मिली। होटल के गार्ड ने बताया कि होटल आने के एक घंटे बाद किसी का फोन आया था। करीब डेढ़ बजे पुष्प कुमार स्कूटी से निकल गए। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि स्वजन हत्या की आशंका जताई है। मैनेजर के शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मैनेजर के बेटे ने तहरीर में दो लोगों पर हत्या का शक जताया है। इस आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके पीछे मकान को लेकर विवाद की बात भी बताई गई है। जांच की जा रही है। मैनेजर का मोबाइल व स्कूटी भी गायब हैं।