
तीन माह में 100 मीटर सड़क नहीं बना सका पीडब्लूडी – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जनपद में रामघाट-कल्याण मार्ग पर डेढ़ साल में समस्या के समाधान की उम्मीद तो जगी थी, मगर आधी सड़क बनाकर काम रोक दिया गया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। रात में कई बार वाहन चालक अनियंत्रित होकर नीचे उतर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रामघाट-कल्याण मार्ग पर पीएसी के पास नाला न बने होने से सड़क पर पानी भरा रहता था। इससे सड़क जर्जर हो गई थी। जलभराव होने से वाहनों का भी निकलना मुश्किल हो जाता था। काफी मुश्किल के बाद सड़क के निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। पीडब्ल्यूडी ने अक्टूबर में देवसैनी गांव की ओर काम शुरू करा दिया था। मगर, दीपावली के चलते काम रोक दिया गया था। जैसे-तैसे काम शुरू हुआ था मगर फिर 15 दिनों से काम रुका हुआ है। पेट्रोल पंप की ओर सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, इससे वाहनों के निकलने में मुश्किल हो रही है। रात में दूसरे जिले से आने वाले वाहन कई बार सीसी रोड से नीचे उतर आते हैं। दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर नीचे गिर जाते हैं। तमाम लोग चोटिल होने लगे हैं। दूसरी पटरी की सड़क भी उखड़ी हुई है। जलभराव भी है, इससे तालानगरी से शहर की ओर जाने वालों को काफी दिक्कत हो रही है। मगर, पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया है। राहगीरों का कहना है कि तीन महीने में मात्र 100 मीटर सड़क का निर्माण नहीं हो पाया, इससे निर्माण कार्य की गति का अंदाजा लगाया जा सकता है।