लोगों के सामने बेइज्‍जती करने पर गई कांग्रेस नेता की जान – रिपोर्ट शुभम शर्मा

लोगों के सामने बेइज्‍जती करने पर गई कांग्रेस नेता की जान – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – सिविल लाइन थाना क्षेत्र से गायब हुए कांग्रेस नेता नाहर सिंह का शव मंगलवार को पुलिस ने अतरौली क्षेत्र के उसी तालाब के पास से बरामद कर लिया, जहां पहले भी पुलिस ने छानबीन की थी। लेनदेन के विवाद में नाहर के सहयोगियों ने हत्या की थी। इसके लिए एक लाख 80 हजार में सुपारी दी गई थी। पुलिस दो लोगों को गिरफ्तार करके पहले ही जेल भेज चुकी है। वहीं मंगलवार को तीसरे आरोपित को भी पकड़ लिया गया। इधर, पोस्टमार्टम हाउस पर फोरेंसिक टीम से रात में ही पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने रात में ही पोस्टमार्टम शुरू करा दिया। सीओ श्वेताभ पांडेय ने बताया कि श्याम नगर निवासी उत्तर प्रदेश असंगठित कामगार कांग्रेस कमेटी के जिला चेयरमैन नाहर सिंह 15 नवंबर को सुबह साढ़े छह बजे घर से बिना बताए निकल गए थे। इसे लेकर उनके भाई रोहन सिंह ने 17 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो कुछ लोगों पर शक गहराया। 26 नवंबर को स्वजन की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज व काल डिटेल के आधार पर पुलिस ने चार दिसंबर को मुकदमे में संदिग्ध क्वार्सी क्षेत्र के सुरेंद्र नगर निवासी अजयपाल सिंह जादौन को गोवा से गिरफ्तार कर लिया। अजयपाल ने बताया कि नाहर सिंह पर उसके पैसे उधार थे, जो दे नहीं रहा था। नाहर ने समाज के लोगों के बीच उसकी बेइज्जती की थी। इसी बात पर अजयपाल ने गुस्से में आकर अपने परिचित कन्नौज के थाना तिर्वा के ग्राम सेमपुर निवासी मोहर सिंह उर्फ वैद्यजी को नाहर को ठिकाने लगाने के लिए एक लाख 80 हजार रुपये में सौदा तय किया। मोहर की मीनाक्षी पुल के बराबर में हकीम की दुकान है। डेढ़ लाख रुपये एडवांस दे दिए थे। अजय से पूछताछ के बाद मुकदमे में साजिश की धारा बढ़ाई गई। इसके बाद छह दिसंबर को पुलिस ने घटना में सहयोगी सुदामापुरी निवासी श्रीराम सैनी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इसके बाद मोहर सिंह की तलाश की जा रही थी। सोमवार देररात पुलिस ने मोहर को भी सुरेंद्र नगर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मोहर ने अजयपाल जादौन व उसके भांजे पंकज जादौन के साथ मिलकर 15 नवंबर को ही नाहर सिंह की हत्या कर दी थी। शव को अपने मछलीपालन के लिए किराए पर लिए गए तालाब के किनारे जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गाड़ी होंडा अमेज (यूपी 65 बीआइ 0016) को खैर के ग्राम जडाना की नगरिया थाना से बरामद किया है। वहीं नाहर का शव थाना अतरौली क्षेत्र के ग्राम तेवथू से बरामद कर लिया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामसखी कठेरिया भी मौके पर पहुंची। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks