
सड़कों के किनारे से पार्किंग हटाने का आदेश रस्मअदायगी तक सिमटा – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – सड़क किनारे अवैध पार्किंग हटाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक माह पहले आदेश जारी किया था। लेकिन अलीगढ़ में उसका पालन होता नहीं दिखाई दे रहा है। महानगर की लाइफ लाइन कही जाने वाली रामघाट रोड भी अवैध पार्किंग की जद में है। सड़क किनारे वाहन खड़े होने से लोगों को सड़क पर चलने के लिए जगह नहीं मिलती है। सुबह से लेकर शाम तक जाम लगा रहता है। रामघाट रोड की चौड़ाई नगर निगम के कागजों में 14 मीटर डिवाइडर को छोड़कर है। दोनों ओर सड़क सात-सात मीटर चौड़ी है। लेकिन सुबह होते ही सड़क की चौड़ाई कम होने लगती है और शाम तक सड़क की चौड़ाई सात मीटर के बजाय चार मीटर ही बचती है। शापिंग कांप्लेक्स, मॉल, अस्पताल, क्लीनिक, मेडिकल, स्टोर, रेस्टोरेंट समेत अन्य कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों के सामने से लेकर सड़क तक वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे चार पहिया वाहनों को निकलने के लिए जगह नहीं मिल पाती है। रामघाट रोड कुल 14 मीटर चौड़ी बनाई गई है। लेकिन सड़क किनारे सजने वाली अवैध पार्किंग से सड़क की चौड़ाई कम होने से पैदल चलने वालों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है।