
लखीमपुर में मृत किसानों की अस्थिकलश यात्रा पहुंची अलीगढ़, किसानों की आंखें हुईं नम – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – लखीमपुर खीरी में मृत किसानों की अस्थि कलश यात्रा सोमवार को जिकरपुर से प्रारंभ हुई।जिकरपुर में भाकियू जिलाध्यक्ष ओ पी कमांडो ने शहीदी स्थल पर मृत किसानों को नमन किया।उन्होंने कहा कि 11 साल पहले आजादी के जश्न से एक दिन पहले 14 अगस्त को भूमि अधिग्रहण आंदोलन के समय यहां भी चार किसान शहीद हो गए थे। उसे हम भूल नहीं पाए हैं। आज लखीमपुर खीरी के किसानों की अस्थि कलश पहुंचने से एक बार फिर मन भावुक हो गया। किसान अपने हक के लिए संघर्ष करते रहेंगे। इसके बाद यह यात्रा गोमत चौराहा स्थित किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल के पास पहुंची। यहां संयुक्त किसान मोर्चा के नेता शशिकांत, किसान सभा के सूरजपाल उपाध्याय समेत सैकड़ों किसानों ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शशिकांत ने कहा कि किसान संघर्ष के लिए हर समय तैयार है, हम अपना हक लेकर रहेंगे। गोमत चौराहे के बाद यात्रा खैर के मानपुर बाग पर शहीद किसानों के स्मृति स्थल पहुंची। यहां भी किसान नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। 15 जून 1989 को इसी स्थल पर बाग में किसान पंचायत के समय छह किसान शहीद हो गए थे। शहीद किसान अस्थि कलश यात्रा गौंडा धरना स्थल और पींजरी पैंठ धरना स्थल भी पहुंची। जहां पिछले 10 महीने से तीनों कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर किसानों का धरना जारी है।