मुरादाबाद। जिले में दस दिन का बुखार सर्वे आज से शुरू हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार पीड़ितों के साथ ही कोरोना आशंकित मरीजों को भी चिन्हित करेंगी। बुखार का प्रकोप बढ़ने के मद्देनजर शासन के निर्देश पर आज से शुरू हो रहे सर्वे के दौरान इक्कीस सौ टीमें छह लाख घरों में दस्तक देंगी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉक्टर प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक घर में परिवार के सदस्यों की सेहत का हाल पूछने के बाद टीम वहां पर एक स्टीकर चस्पा करेगी। जिसमें बुखार, डेंगू, मलेरिया आदि संक्रामक रोगों की रोकथाम के जरूरी उपाय लिखे होंगे। घरों में चस्पा स्टीकर वहां बुखार के संबंध में सर्वे हो जाने का प्रमाण साबित होंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर मिलिंद चंद्र गर्ग ने बताया कि बुखार के मरीजों को चिन्हित करने के साथ ही टीम का फोकस कोरोना के संदेह वाले मरीजों को ढूंढना भी होगा। प्रत्येक टीम एक दिन में पचास घरों में दस्तक देगी। प्रत्येक दिन की सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।