चलती बस और कार के ऊपर गिरा पहाड़, हिमाचल में हुए हादसे की डरावनी फोटो

चलती बस और कार के ऊपर गिरा पहाड़, हिमाचल में हुए हादसे की डरावनी फोटो

चंडीगढ़,
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में लैंडस्लाइड की वजह से बड़ा हादसा हुआ है. पहाड़ों से गिरे मलबे और चट्टानों के नीचे यात्रियों से भरी एक बस दब गई है. इसके अलावा कुछ और भी गाड़ियां हादसे का शिकार हुई हैं. करीब 40 से ज्यादा लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

दरअसल, हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बुधवार को एक बस के बड़े भूस्खलन के बाद कम से कम 40 लोगों के फंसे होने की आशंका है. लोगों से भरी बस और कुछ अन्य वाहन मलबे में दब गए हैं. किन्नौर जिले के चौरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन हुआ, जिससे बस और अन्य वाहन मलबे में दब गए. बस किन्नौर से हरिद्वार जा रही थी.

नेशनल हाईवे 5 पर चील जंगल के पास हुए भूस्खलन ने हाईवे को पूरी तरह से बंद कर दिया है. बचाव अभियान जारी है और बस चालक को अब तक बचा लिया गया है जबकि 40 अन्य के फंसे होने की आशंका है.

जिस स्थान पर यह घटना हुई वह स्थान नुग्सलारी है, जो राज्य मुख्यालय शिमला से लगभग 163 किमी दूर स्थित है.  घटना सुबह 11.05 बजे की है. बस का चालक बस से गिर गया, उसे बचा लिया गया है. उसने बताया है कि बस में 25 यात्री सवार थे. बस के अलावा एक ट्रक और कुछ अन्य वाहन भी भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं.

कुछ स्थानीय लोगों ने कहा है कि उन्होंने कार में फंसे कुछ लोगों को मदद के लिए चीखते हुए सुना. लगातार हो रहे भूस्खलन और ऊंचाई से नीचे लुढ़कने वाले मलबे ने मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रहे बचावकर्मियों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है.

किन्नौर के डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय बचाव दल को बचाव कार्य के लिए बुलाया गया है. घटना स्थल से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वह काफी खतरनाक हैं. जानकारी के मुताबिक, पहाड़ से कुछ मलबा गिरा था, जिसके बाद वहां से गुजर रहे वाहन उसकी चपेट में आ गए.

हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने कहा है कि मैंने पुलिस और स्थानीय प्रशासन को बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया है, एनडीआरएफ को भी अलर्ट पर रखा गया है, हमें सूचना मिली है कि एक बस और एक कार मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, अभी पूरी जानकारी आने के बाद ही आगे की अपडेट दी जा सकेगी.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर से बात की. साथ ही गृह मंत्री अमित शाह ने डीजी आईटीबीपी से भी बात की है और उन्हें सैनिकों को जुटाने और तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए कहा है.

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks