*लखीमपुरखीरी : शाहजहांपुर से प्रवासी मजदूरों को ले जा रही बस ट्रक से भिड़ी, आठ लोग जख्मी*
नोएडा में फंसे मजदूरों को लेकर जा रही परिवहन निगम की जनरथ बस को ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में पांच मजदूरों समेत आठ लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद मजदूर फिर बीच रास्ते में लटक गए। मजदूरों का एक जत्था नोएडा में फंसा था। स्पेशल ट्रेन से इनको शहजहांपुर तक लाया गया। इसके बाद जनरथ से इनको गोरखपुर भेजा जा रहा था। बस में 18 प्रवासी कामगार सवार थे। बस जैसे ही शाहजहांपुर से निकलकर एनएच पर आई।
चपरतला के पास उसे सामने से आ रहे ट्रक ने टक्क र मार दी। इसमें ट्रक चालक व बस चालक बुरी तरह गाड़ी में फंस गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों के द्वारा राहत और बचाव कार्य किया गया। जिसमें कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को वाहनों से बाहर निकाला जा सका।
घायलों में बस चालक प्रदीप कुमार निवासी कौशांबी, ट्रक चालक नसीम निवासी मुरादाबाद, ट्रक परिचालक भूरा घायल हुए। साथ ही बस में सवार प्रवासी मजदूर लल्लू पुत्र हरिहर चौहान निवासी गोरखपुर, पवन पुत्र रामकिशन निवासी महाराज नगर को ज्यादा चोटें आई हैं। तीन और मजदूरों को चोटें आईं। बस चालक की हालत गंभीर है।
हादसे के बाद फिर टूट गया घर का सपना
बस से जा रहे प्रवासी मजदूरों को अपनी चोट और रिसते खून से ज्यादा घर जाने का सपना टूट जाने का दर्द था। मजदूर गंगाराम ने बताया कि बड़ी मुश्किल से घर जाने की राह मिली थी। पर अब वह भी बंद हो गई। जिस बस से वे जा रहे थे, वह हादसे की शिकार हो गई है। ऐसे में अब सवाल है कि वे घर कैसे पहुंचेंगे। उनके साथी इतने जख्मी हैं कि पैदल चलने की सोच भी नहीं सकते।