उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण-दलित के लिए भय का माहौल, प्रबुद्ध सम्मेलन में सतीश मिश्रा ने समझाया चुनाव जीतने का ‘गणित’

एटा: उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण-दलित के लिए भय का माहौल, प्रबुद्ध सम्मेलन में सतीश मिश्रा ने समझाया चुनाव जीतने का ‘गणित’
एटा – बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि ब्राह्मण और दलित समाज के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में सरकार ने भय का माहौल बना रखा है। सरकार ब्राह्मणों को रोक कर ठोकने का आदेश सरकार देती है। दोनों वर्ग मिलकर इस खौफ से बाहर निकल सकते हैं। कहा कि बसपा सरकार आने पर इस सरकार के कारनामों की जांच कराई जाएगी।
शहर के अरुणा नगर स्थित गेस्ट हाउस में बसपा के प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने मंदिर और श्रीराम के नाम पर वोट मांगकर लोगों को छलने का काम किया है। मंदिर के नाम पर हजारों करोड़ रुपये एकत्रित कर लिए। एक साल बाद भी अयोध्या में मंदिर का निर्माण होता नजर नहीं आ रहा। बसपा सरकार में ब्राह्मणों को हर तरह से सम्मान दिया गया था, लेकिन इस सरकार में ब्राह्मण समाज से जुड़े लोगों की हत्या कराई जा रही है। पहले महिलाएं निडर होकर रात में भी निकलती थीं। अब हर दो घंटे में एक महिला के साथ बलात्कार हो रहा है। उन्होंने हाथरस में दुष्कर्म और शव जलाए जाने की घटना का भी जिक्र किया। बिकरू कांड को लेकर कहा कि साढ़े सोलह साल की लड़की खुशी दुबे को जेल में रखा गया है। जमानत न मिले, इसलिए उस पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। स्कूल, कॉलेज बंद कराकर शिक्षकों की नौकरी खत्म की जा रही है। यह सरकार रोजगार देने के नाम पर रोजगार छीनने का काम कर रही है। सभी वर्ग दुखी हैं और पछता रहे हैं। उन्होंने ब्राह्मण समाज से आह्वान किया कि दलित वर्ग को साथ लेकर हमें आगे बढ़ना है। कार्यक्रम में पार्टी जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह, सूरज सिंह, रणवीर कश्यप, उत्साह भारद्वाज, राजीव शर्मा, शिवकांत शर्मा, सुनहरी लाल, रक्षपाल पचौरी, विपिन भारद्वाज, सुभाष चंद्र, यशोधर पाठक, सुधीर मिश्रा, राहुल पाठक आदि मौजूद रहे। 
ब्राह्मणों को समझाया जीत का गणित
बसपा महासचिव ने सम्मेलन के दौरान ब्राह्मणों को विधानसभा चुनाव में जीत का गणित समझाया। कहा कि प्रदेश में 16 प्रतिशत ब्राह्मण हैं और 23 प्रतिशत अनुसूचित जाति, जनजाति के लोग हैं। दोनों लोग मिल गए तो चुनाव जीतने से कोई नहीं रोक सकता है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks