गरीबों की योजना में गोलमाल: अपात्रों को मिला PM आवास योजना का लाभ
~एटा में प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ा गोलमाल सामने आया है। यहां एक ऐसे व्यक्ति को योजना को लाभ दे दिया गया, जो हवाई यात्रा कर चुका है। एसी लगे मकान में रहता है।~

एटा – जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना में हवाई यात्रा करने वाले व्यक्ति का नाम शामिल कर लिया गया। इतना ही नहीं आवास बनवाने के लिए पहली किस्त भी उसके खाते में भेज दी गई। शिकायत पर प्रशासन ने जांच कराई तो हकीकत सामने आ गई।
गरीबों के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित कर रही है। जिसमें अपनी जमीन पर मकान बनाने के लिए ढाई लाख रुपये दिए जाते हैं। जैथरा निवासी एक व्यक्ति ने पिछले दिनों परियोजना निदेशक से शिकायत की। कहा गया कि मानकों के विपरीत कस्बा के एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है।
चयनित लाभार्थी का मुख्य बाजार में तीन मंजिला मकान है। घर में एसी से लेकर अन्य सभी सुविधाएं हैं। पिता की किराने की बड़ी दुकान है और वह करदाता हैं। रेडीमेड कपड़ों सहित एक मोबाइल की दुकान भी है। एडीएम प्रशासन विवेक मिश्र ने जांच अलीगंज नायब तहसीलदार को सौंपी।
थाने के सामने है एक दुकान
जांच रिपोर्ट में बताया है कि लाभार्थी की एक दुकान जैथरा थाने के समाने है। लाभार्थी के पिता की दुकान मेन मार्केट में स्थित है। लाभार्थी को उसके पिता ने एक प्लॉट देकर चल-अचल संपत्ति से बेदखल किया है। उन्होंने रिपोर्ट में लिखा है कि लाभार्थी द्वारा हवाई यात्रा की गई है। आवास आवंटन के समय उसकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक थी।
जांच हो तो कई मिल सकते हैं अपात्र
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना में अगर प्रशासन द्वारा लाभार्थियों की जांच कराई जाए, तो ऐसे कई लाभार्थी अपात्र मिल सकते हैं। कुछ माह पूर्व मारहरा में एक अपात्र को आवास देने का मामला उठा था। एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच कराई गई है। एक रिपोर्ट आ गई है, दूसरी रिपोर्ट आते ही कार्रवाई की जाएगी।
लाभार्थियों के नाम सूची से हटाने की डीएम से शिकायत
विकास खंड सकीट की ग्राम पंचायत चिलमापुर में कई लाभार्थियों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से हटा दिए गए। लाभार्थी मुखराम, रामवीर, मनीष आदि ने ग्राम प्रधान व सचिव पर आवास आवंटन के नाम पर 40 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल से की है। डीएम ने पीडी डीआरडीए निर्मल कुमार द्विवेदी को जांच के निर्देश दिए हैं।