
एटा ~ शासन की मंशानुरूप थानों पर बनाईं गईं महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी हुई कामयाब सिद्ध, अलीगंज पर गठित महिला पुलिस रिपोर्टिंग चौकी पर पिछले 3 दिनों में दो टूटते परिवारों का समझौता कराकर किया एक साथ विदा जैसा कि सर्वविदित है कि उत्तर प्रदेश सरकार महिला एवं बच्चों संबंधी अपराधों में काफी गंभीरता पूर्वक रहते हुए नित नए कानून बना रही है, इसी क्रम में शासन की मंशानुरूप सभी जिलों के अंतर्गत महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकियों का गठन किया गया है, जिसमें महिला संबंधी अपराधों की गंभीरता पूर्वक एवं समयबद्ध सूचना अंकित कर महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद के थाना अलीगंज पर अभी हाल ही में बनाई गई महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक श्रीमती शांति देवी द्वारा विगत 3 दिनों में ऐसे दो परिवारों को जो आपसी मनमुटाव के कारण लगभग टूटने की कगार पर थे, उन दोनों परिवारों का उपनिरीक्षक श्रीमती शांति देवी द्वारा काउंसलिंग कर आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ रहने को राजी किया गया है। जिसमें दिनांक 17.06.2021 को श्रीमती अंजना पत्नी विपिन निवासी नगला मोहन थाना अलीगंज जनपद एटा तथा दिनांक 20.06.2021 को श्रीमती रजनी पत्नी अनारसिंह निवासी चमन नगरिया थाना अलीगंज एटा के मामलों में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर एक साथ रहने को राजी किया गया है तथा आपसी सहमति से दोनों ही परिवारों को सकुशल विदा किया गया है। एटा पुलिस द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास निश्चित रूप से आज के समाज में पुलिस की छवि को और भी सकारात्मक दिशा प्रदान करने वाले हैं, टूटते दाम्पत्य जीवन को फिर से एक माला में पिरोने का जो कार्य पुलिस द्वारा किया जा रहा है, परिजनों एवं आमजन द्वारा उसकी भूरि भूरि प्रशंसा की जा रही है।