
बिना टीकाकरण मंदिर में प्रवेश नहीं: एटा के प्रसिद्ध काली मंदिर की पहल, कोरोना वैक्सीन के लिए लगाए पोस्टर
एटा शहर के माता महाकाली मंदिर की ओर से कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर अच्छी पहल की गई है। लोगों को टीकाकरण कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पोस्टर लगवाए गए हैं कि बिना टीकाकरण कराए मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मंदिर के प्रति तमाम लोग गहरी आस्था रखते हैं। सुबह-शाम हर रोज आरती में भीड़ जुटती है। वहीं नवरात्र के दौरान पैर रखने के लिए जगह मिलना मुश्किल होती है। आस्था और लोगों की भावनाओं को कोरोना टीकाकरण से जोड़ा गया है। मंदिर के पुजारी संदीप दीक्षित ने बताया कि तमाम लोग कोरोना की गंभीरता और भयावहता को नहीं समझ रहे हैं। सरकार नि:शुल्क टीकाकरण करा रही है। इसके बावजूद कई लोग टीके नहीं लगवा रहे। गौरतलब है कि एटा जनपद में भी 9606 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं अब तक इस संक्रमण से 122 लोगों की मौत हो चुकी है। जनपद में कई स्थानों पर वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्र बनाए गए हैं।
पुजारी संदीप दीक्षित ने बताया कि समाज में एक जिम्मेदार व्यक्ति होने के नाते हम लोगों ने भी सभी को जागरूक कर रहे हैं। इसी के तहत मंदिर के प्रवेश द्वार पर पोस्टर चस्पा करा दिए हैं। जिसमें स्पष्ट लिखा है कि टीकाकरण की श्रेणी में आने वाले लोग टीका लगवाकर ही मंदिर में प्रवेश करें अन्यथा न करें। आने वाले लोगों से पूछताछ भी करते हैं।
प्रशासन ने मांगा था धर्मगुरुओं से सहयोग
पिछले दिनों जिले में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बेहद मंद हो गई थी। इस पर डीएम डॉ. विभा चहल ने विभिन्न धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। सहयोग मांगा कि वह लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करें। ऐसे में काली मंदिर की ओर से की गई इस पहल का काफी सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। कई लोग प्रेरित होकर टीकाकरण करा रहे हैं।
कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान मंगलवार से नए कलेवर में संचालित किया गया। चार वर्कप्लेस जिला न्यायालय, जिला सूचना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और विकास भवन में टीकाकरण बूथों पर ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन किया गया। जिला पंचायत में बने बूथ का उद्घाटन राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव व सदर विधायक विपिन डेविड वर्मा ने किया। वहीं अभिभावक बूथ पर विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष पहुंचे। जबकि निधौलीकलां में डीएम डॉ. विभा चहल व मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी बूथ पर पहुंचे। इस दौरान अधिकांश केंद्रों पर युवाओं की लाइन लगी रही। वहीं अभिभावक वाले बूथों पर भी लोगों में टीकाकरण को लेकर उत्साह नजर आया।
पांच लोग मिले कोरोना संक्रमित
एटा जनपद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही है। मंगलवार को पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले। सभी को स्वास्थ्य टीम द्वारा होम आइसोलेट कराया गया है। इस दौरान शहर से लेकर देहात तक विभिन्न स्वास्थ्य टीमों ने 2140 व्यक्तियों की कोरोना की जांच की। वहीं शहर के मोहल्ला नई बस्ती में एक बुजुर्ग महिला कोरोना संक्रमित आई थी। होम आइसोलेशन में मंगलवार को उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है मामले की जानकारी नहीं है, जांच कराई जा रही है।