
17 शिक्षकों ने ही लगवाई वैक्सीन, डीआईओएस ने जताई नाराजगी
एटा। राजकीय इंटर कॉलेज में कोरोना वायरस टीकाकरण के लिए केंद्र बनाया गया। जहां पहले दिन मंगलवार को सिर्फ 17 शिक्षकों ने ही टीका लगवाया। इस पर डीआईओएस मिथिलेश कुमार ने नाराजगी जताई है।
सदर तहसील में संचालित राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक व कर्मचारियों के टीकाकरण के लिए जीआईसी में विशेष केंद्र बनाया गया है। शहर में 150 से अधिक शिक्षक हैं, लेकिन मंगलवार को टीका लगवाने के लिए केवल 17 ही पहुंचे। डीआईओएस ने नाराजगी जताते हुए सभी शिक्षकों को टीका लगवाने के निर्देश दिए।
साथ ही चेतावनी भी दी है कि अगर टीकाकरण अभियान में सहयोग प्रदान नहीं किया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। टीकाकरण न होने की स्थिति में संबंधित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया जाएगा।