
पीएम साहब, सीएम साहब, दे दो फांसी, या, भेज दो जेल, झुकूंगा नहीं, रुकूंगा नहीं…….
जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह आरोप खुद पप्पू यादव ने ट्वीट करके लगाया. उनका कहना है कि मुझे गिरफ्तार कर पटना के गांधी मैदान थाना ले आया है. बीते दिनों ही पप्पू यादव ने बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी के एंबुलेंस को लेकर सवाल उठाया था.
पूर्व सांसद पप्पू यादव ने एक और ट्वीट करके कहा, ‘कोरोना काल में जिंदगियां बचाने के लिए अपनी जान हथेली पर रख जूझना अपराध है, तो हां मैं अपराधी हूं, पीएम साहब, सीएम साहब, दे दो फांसी, या, भेज दो जेल, झुकूंगा नहीं, रुकूंगा नहीं, लोगों को बचाऊंगा, बेईमानों को बेनकाब करता रहूंगा!’
पूर्व सांसद पप्पू यादव ने एक और ट्वीट करके कहा, ‘लॉकडाउन उल्लंघन के नाम पर गिरफ्तारी, सरकार ने खुद मार ली अपने पांव पर कुल्हाड़ी, जाग गयी जनता तो मोदी-नीतीश यह आपको पड़ेगी भारी.’
पूर्व सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी का विरोध आरजेडी ने भी किया है. पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने नीतीश कुमार की तुलना हिटलर से करते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश की जा रही है.
पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने अपनी ही सरकार को घेरा और कहा कि कोई जनप्रतिनिधि अगर दिन-रात जनता की सेवा करे और उसके एवज़ में उसे गिरफ़्तार किया जाए ऐसी घटना मानवता के लिए ख़तरनाक है, ऐसे मामलों की पहले न्यायिक जांच हो तब ही कोई कारवाई होनी चाहिए नहीं तो जन आक्रोश होना लाज़मी है.
वहीं, नीतीश सरकार में मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि जनता की सेवा ही धर्म होना चाहिए, सरकार को जन प्रतिनिधि, सामाजिक संस्था एवं कार्यकर्ता को आमजन के मदद के लिए प्रेरित करना चाहिए, जन प्रतिनिधि को भी कोरोना गाइड्लाइन का सख़्ती से पालन करते हुए कार्य करना चाहिए, ऐसे समय में सेवा में लगे पप्पू यादव को गिरफ़्तार करना असंवेदनशील है.
पप्पू यादव पर अमनौर के अंचलाधिकारी ने लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में रविवार को अमनौर थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी. शिकायत में पप्पू यादव पर विश्वप्रभा सामुदायिक केंद्र में काफिले के साथ पहुंचकर लॉकडाउन का उल्लंघन का आरोप लगाया गया था. इससे पहले शनिवार को पप्पू यादव पर एंबुलेंस में तोड़फोड़ के आरोप में केस दर्ज किया गया था.
दरअसल बीते दिनों ही पप्पू यादव ने सारण जिला के अमनौर में स्थापित विश्व प्रभा सामुदायिक केंद्र के भवन में पहुंचकर वहां मौजूद सांसद निधि योजना से खरीदी गई दर्जनों एम्बुलेन्स को जनता को समर्पित नहीं किये जाने पर बड़ा सवाल खड़ा किया है. उन्होंने सारण के भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी की मंशा पर भी सवाल उठाया.
इसके बाद बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा था कि ड्राइवर न होने की वजह से एंबुलेंस का संचालन नहीं हो पाया था, अगर पप्पू यादव ड्राइवर की व्यवस्था करते हैं तो संचालन शुरू कर देंगे. इसके अगले ही दिन पप्पू यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए 40 ड्राइवरों को पेश किया और कहा कि ये लोग एंबुलेंस चलाने के लिए तैयार हैं.