45 वर्ष से अधिक उम्र वालों का अब ऑन स्पॉट टीकाकरण नहीं
– को– विन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया गया अनिवार्य – सीएमओ

एटा ( knls) जनपद में 10 मई से 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोविड-19 टीकाकरण के प्रथम डोज के लिए को- विन वेब पोर्टल पर रजिस्टर करना और अपॉइंटमेंट लेना अनिवार्य कर दिया गया है । 10 मई से वॉक इन के माध्यम से ऑन द स्पॉट पंजीकरण की व्यवस्था कोविड-19 टीका के प्रथम डोज के लिए उपलब्ध नहीं होगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित मोहन प्रसाद द्वारा पत्र भेजकर निर्देशित किया गया है कि 10 मई से 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों को कोविड-19 टीके की पहले डोज लगवाने के लिए को- विन वेब पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना आवश्यक होगा। दूसरी डोज के टीकाकरण का कार्य पूर्व की भांति ही किया जा सकेगा। जनपद में जिला चिकित्सालय व सभी ब्लॉक स्तरीय इकाइयों पर टीकाकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही कई हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर भी टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। लोग अपनी सुविधा के अनुसार अपने निकटतम कोविड-19 टीकाकरण केंद्र की अपॉइंटमेंट लेकर टीका लगवा सकते हैं।
सीएमओ ने आगे बताया कि को – विन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया काफी आसान है। रजिस्ट्रेशन के लिए https://selfregistration.cowin.gov.in/ साइट पर जाकर स्वयं रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। साइट पर जाने के पश्चात मोबाइल नंबर के साथ रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद पहचान पत्र की जानकारी, नाम, लिंग और जन्म तारीख की जानकारी देनी होगी। इसके बाद रजिस्टर के बटन पर क्लिक करें। अब अपॉइंटमेंट के लिए एक पेज खुलेगा। इस पेज पर राज्य, जिला, ब्लॉक और पिन कोड जैसी जानकारी भरनी होगी।इसके बाद वैक्सीनेशन साइट का नाम, वैक्सीनेशन की तारीख और समय की जानकारी भरने के बाद बुक बटन पर क्लिक करना होगा। अब आपको मोबाइल पर एक मैसेज आएगा जिसमें पूरी जानकारी होगी कि आपको कब और कहां टीका लगेगा।
उन्होने बताया कि आरोग्य सेतु ऐप से भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सबसे पहले ऐप ओपन करें और राइट साइड में दिख रहे कोविन टैब पर क्लिक करें, फिर आगे की प्रक्रिया साइट जैसी ही होगी।