
कई बूथों के वोटों को परिणाम में शामिल न कर हरा दिया था भाजपा प्रत्याशी
~एटा।जलेसर के वार्ड संख्या 10 की मतगणना में हुई थी गड़बड़ी डीएम के आदेश पर हुई मतगणना चार्ट की जांच पहले सपा प्रत्याशी को विजेता घोषित कर दिया था~
एटा: भाजपा के कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन के बाद पंचायत चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी सामने आई है। डीएम ने मतगणना का चार्ट दिखवाया। जलेसर क्षेत्र में मतगणना करने वाले कर्मचारियों ने कई बूथों के वोटों को ही नहीं जोड़ा था। जांच में भाजपा का प्रत्याशी जीत गया। पहले प्रमाण पत्र सपा प्रत्याशी को दे दिया गया था।
विकासखंड जलेसर के अंतर्गत सदस्य जिला पंचायत वार्ड संख्या 10 से भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र पाल सिंह धनगर ने चुनाव लड़ा था। उनके विरोध में सपा की साधना सिंह ने चुनाव लड़ा था। वोटों की गिनती के दौरान गजेंद्र पाल को सात हजार से अधिक मत मिले थे, जबकि उनकी विरोधी साधना सिंह को छह हजार से अधिक ही मत मिले थे। निर्वाचन परिणाम चार्ट में कर्मचारियों ने अनदेखी करते हुए बूथ संख्या 28, 29, 125, 152, 170 एवं 175 के वोटों फीडिग ही नहीं की थी। प्रमाण पत्र हारे हुए प्रत्याशी साधना सिंह को दे दिया गया। गजेंद्र पाल ने भाजपा नेताओं को मामले की सूचना दी। इस पर बुधवार की देर शाम को विधायक सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिलाधिकारी डा. विभा चहल पहुंच गई। उन्होंने मतगणना परिणाम का चार्ट दिखवाया। इसमें कई बूथों के वोटों की गिनती न होने का मामला सामने आया। बाद में इन वोटों को शामिल करते हुए गजेन्द्र सिंह को विजेता प्रत्याशी घोषित किया गया। संशोधित परिणाम के मुताबिक गजेंद्र को 7113 तथा साधना को 6115 वोट मिले हैं।