जिले में कोरोना से संक्रमित एक और मरीज की मौत हो गई। गलशहीद निवासी 57 वर्षीय नूर अहमद ने टीएमयू हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोरोना की जांच को लिए उनके सैंपल की रिपोर्ट 13 मई को पॉजिटिव आई थी।
गलशहीद के नूर अहमद की मौत के साथ ही जिले में कोरोना के संक्रमण से मौतों की संख्या नौ हो गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मिलिंद चंद्र गर्ग ने बताया कि यह मरीज एआरडीएस यानि की सांस लेने में तकलीफ होने पर भर्ती कराया गया था। लेकिन, उसकी मौत कोरोना संक्रमण के चलते गुर्दे खराब हो जाने की वजह से हुई। जिले में कोरोना संक्रमण की वजह से जो नौ मौतें हुई हैं उनमें से चार मरीजों की मौत का कारण सांस लेने में तकलीफ की समस्या बनी।
अब तक 99 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हुए
मुरादाबाद जिले में 147 लोग कोरोना से अब तक संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक इनमें से 99 लोग पूरी तरह से स्वस्थ होने के चलते अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, जबकि नौ संक्रमित मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
74 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई
शनिवार को एसजीपीजीआई, लखनऊ की लैब से जारी हुई कोरोना जांच रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग को थोड़ी राहत महसूस कराई। विभाग को 83 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। जिनमें से मुरादाबाद जिले के 74 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दो सैंपलों की रिपोर्ट अभी प्रतीक्षा में होने की जानकारी दी गई, जबकि एक सैंपल की रिपोर्ट अनिश्चित होने का हवाला देकर आशंकित मरीज का सैंपल दोबारा लेने को कहा गया है। जबकि, चार सैंपलों की रिपोर्ट दूसरे जिलों की दर्शाई गई है।