
चालान जमा करने को उमड़ी भीड़, नामांकन आज से
~सुबह आठ से शाम पांच बजे तक दाखिल होंगे पर्चे जिला पंचायत सदस्य के नामांकन कलक्ट्रेट पर होंगे~
एटा: पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो जाएगी। प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नामांकन सभी विकास खंड कार्यालयों पर होंगे, जबकि जिला पंचायत सदस्य के लिए पर्चे कलक्ट्रेट पर दाखिल किए जा सकेंगे। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहेगी। उधर, अंतिम दिन होने के कारण बैंकों में चालान जमा करने के लिए दावेदारों की खासी भीड़ उमड़ पड़ी।
जनपद में पंचायत चुनाव दूसरे चरण में हो रहे हैं। इसलिए सात और आठ अप्रैल को पर्चे दाखिल होंगे। मंगलवार को सभी ब्लाक केंद्रों पर बैरीकेडिग का काम होता रहा। दावेदारों को यह निर्देश भी दिए गए हैं कि वह अपने साथ भीड़ लेकर न आएं। इसके लिए कोरोना के खतरे का हवाला दिया गया है। नामांकन करने आने वालों से कहा गया है कि वे मास्क आवश्यक रूप से लगाएं। इसके अलावा केंद्रों पर सैनिटाइजेशन की व्यवस्था भी की गई है। जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन कलक्ट्रेट पर होंगे। जिला पंचायत में कुल 30 वार्ड हैं। दूसरी तरफ मंगलवार को चालान जमा करने का अंतिम दिन था। इस कारण शहर में स्टेट बैंक पर दावेदारों की कतार लंबी थी। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त ।