
करंट लगने से बाइक सवार दो युवकों की जिंदा जलकर मौत* *- लोहे की चारपाई लेकर लौट रहे थे घर, चारपाई हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा* *कुरावली/मैनपुरी।* थाना क्षेत्र में रविवार की शांय दर्दनाक हादसा हो गया। गांव सलेमपुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर करंट लगने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से लोहे की चारपाई ले जा रहे थे। चारपाई सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव लहरा निवासी 30 वर्षीय सुभाष पुत्र करन सिंह कश्यप और 32 वर्षीय जयदीप उर्फ अल्लू पुत्र कुंवरपाल रविवार को कुरावली गए थे। शाम करीब 3रू30 बजे दोनों लोहे की चारपाई को बाइक के बीच में रखकर गांव लौट रहे थे। उनकी बाइक जब थाना क्षेत्र में गांव सलेमपुर के पास संपर्क मार्ग पर पहुंची। तभी चारपाई ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में छू गई। *परिजन रो-रोकर हुए बेहाल* जब तक बाइक सवार कुछ समझ पाते करंट ने दोनों को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर आ गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं एसडीएम मानसिंह पुंडीर और सीओ डीपी गौड़ पुलिस बल के साथ पहुंच गए। ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन के नीची होने बात कहते हुए विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। काफी देर तक परिजनों ने शव नहीं उठने दिए। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराने के बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। होली से पहले हुए हादसे से दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया।