अवैध रिश्ते के लिए वकील पत्नी ने खुद का सुहाग उजाड़ा, प्रेमी संग मिलकर शिक्षक पति को मार डाला

पटना
शिक्षक अमरेंद्र कुमार की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के दावे के मुताबिक अवैध रिश्ते के लिए वकील पत्नी ने ही खुद का सुहाग उजाड़ा और प्रेमी संग मिलकर कांट्रेक्ट किलर को हायर कर शिक्षक पति को मरवा डाला। चार लाख की सुपारी देकर शिक्षक की पत्नी और पेशे से वकील प्रतिमा कुमारी और उसके प्रेमी वकील सुनील कुमार गोस्वामी ने अमरेंद्र की हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी प्रतिमा, उसके प्रेमी सुनील के साथ ही दो सुपारी किलरों विमलेश कुमार उर्फ छोटन और निखिल कुमार पांडे उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने अपराधियों के पास से एक बाइक और 5 मोबाइल बरामद किया है। पकड़े गए कॉन्ट्रैक्ट किलर विमलेश और निखिल पूर्व में भी चोरी के मामले में बक्सर जिले के राजापुर थाने से जेल जा चुके है। पूछताछ में कॉन्ट्रैक्ट किलरों ने यह कबूल किया कि प्रतिमा और सुनील ने मिलकर शिक्षक की हत्या की सुपारी उन्हें दी थी। ग्रामीण एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस को शुरू से ही वारदात के पीछे किसी अपने का हाथ होने का शक था।