
अलीगढ़ प्रकरण
सीसीटीवी में कैद मारपीट…सोशल मीडिया पर डॉक्टर की ‘खिंचाई’
केके हॉस्पिटल प्रकरण में शनिवार दोपहर को हॉस्पिटल का सीसीटीवी पुलिस देख पाई और घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया। जिसमें खुद डॉक्टर सागर वार्ष्णेय, उनके बाउंसर व स्टाफ तीमारदार को पीटते कैद हैं। साथ में पुलिस बीचबचाव करती और दोनों पक्षों को खींच-खींचकर अलग करती दिखाई दे रही है।
इस धक्कामुक्की और खींचतान में ही इंस्पेक्टर का चश्मा टूटा है और नेम प्लेट तक वर्दी से गिरी है। यह वीडियो बाहर आते ही कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फिर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर डॉक्टर की जमकर ‘खिंचाई’ का भी दौर शुरू हुआ है।
शुक्रवार दोपहर बाद हुई घटना के बाद जब पुलिस व इंस्पेक्टर पर डॉक्टर सागर को पीटते हुए खींचकर ले जाने का आरोप लगा। उस घटना का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस उसी समय से हॉस्पिटल के सीसीटीवी फुटेज मांग रही थी। मगर, फुटेज दिखाए नहीं जा रहे थे। शनिवार को जब जाम व धरना चल रहा था तो पुलिस अधिकारियों ने उस फुटेज को दिखाने पर जोर दिया। कहा कि जब तक तस्वीर साफ नहीं होगी, तब तक कैसे जांच की जा सकती है। इस पर डॉक्टर सीसीटीवी फुटेज दिखाने को तैयार हुए।
इस पर पुलिसकर्मियों ने डीवीआर से शुक्रवार की घटना के फुटेज संकलित किए। जिसमें कैद है कि तीमारदार काउंटर स्टाफ से बात करते हुए बाहर लॉबी में निकल रहा है। अंदर से डा. सागर, बाउंसर व अन्य स्टाफ आते हैं। इसी बीच बातचीत में खींचतान शुरू होती है और फिर तीमारदार को पीटा जाता है। स्टाफ ने तो स्टैंड व कुर्सियां तक हाथ में ले रखी हैं। इसी बीच इंस्पेक्टर सहित पुलिस की एंट्री होती है और वे सभी को खींच-खींचकर अलग कर रहे हैं। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने ले जाया जाता है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिस पर लोग डॉक्टर को लेकर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।