
आपदा में मेरठ के 10 लोग लापता
उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से आए सैलाब में मेरठ से गए दस लोग लापता हैं। यह सभी तपोवन से करीब 18 किमी उपर सरायसोटा में मोबाइल टावर लगाने का कार्य कर रहे थे। सभी कर्मचारी टावर में इलेक्ट्रिकल संबंधी कार्य कर रहे थे। पिछले चार माह से सरायसोटा में टावर का कार्य चल रहा था। वहीं सहारनपुर के भी तीन लोगों के लापता होने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्वजनों से कर्मचारियों की अंतिम बात रविवार सुबह दस बजे हुई थी। जिसके बाद से सभी के मोबाइल नंबर बंद और नेटवर्क एरिया से बाहर हैं। स्वजनों ने उत्तराखंड सरकार के जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर पूरी जानकारी नोट कराई है। लेकिन अभी तक किसी के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
मेरठ से दस लोगों को लेकर गया था ठेकेदार-
टॉवर का काम कराने के लिए मेरठ का एक ठेकेदार इनको बुलाकर ले गया था। इसमें से चार मेरठ के बताए जा रहे हैं। जबकि पांच अमरोहा व एक नजीबावाद के निवासी हैं। इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। जिला प्रशासन से इनकी बात हो रही है।