
म्यांमार के हालात पर अब संयुक्त राष्ट्र एक्टिव, होगी UNSC की बैठक
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के बाद पैदा हुए हालात पर आज चर्चा करेगी और पिछले साल नवंबर में देश में हुए आम चुनाव में लोगों द्वारा व्यक्त की गई इच्छा का सम्मान करने पर विचार के साथ ही उठाए जा सकने वाले कदमों पर चर्चा करेगी.
फरवरी के लिए सुरक्षा परिषद का अध्यक्ष ब्रिटेन म्यांमार पर चर्चा के लिए बंद दरवाजे में बैठक आयोजित करेगा. इस दौरान म्यांमार के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष दूत क्रिस्टीन श्रानेर बर्गनर भी संभवत: अपने विचार रखेंगी.
संयुक्त राष्ट्र में ब्रिटेन की स्थायी प्रतिनिधि और इस महीने के लिए सुरक्षा परिषद की अध्यक्ष बारबरा वुडवर्ड ने एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, हम शांति एवं सुरक्षा को लेकर पैदा हुए दीर्घकालीन खतरे से म्यांमा के एशियाई और आसियान पड़ोसियों के साथ निकटता से काम करके निपटना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि पूर्व में म्यांमा पर इस सप्ताह के अंत में परिषद में वार्ता होनी थी, लेकिन देश में हाल में हुए घटनाक्रम के कारण यह चर्चा मंगलवार को होगी. इससे पहले परिषद ने नवंबर में हुए चुनाव से पहले सितंबर 2020 में म्यांमार पर चर्चा की थी.