HC ने प्रियंका चोपड़ा की व्हाइट टाइगर की रिलीज पर रोक लगाने से किया इंकार

प्रियंका चोपड़ा और राजकुमार राव की फिल्म द व्हाइट टाइगर, 22 जनवरी को रिलीज होने वाली हैं. दिल्ली हाई कोर्ट ने इस फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ कर दिया है. असल में कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर हॉलीवुड के फिल्ममेकर जॉन हार्ट जूनियर ने इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की दिल्ली हाईकोर्ट में अर्जी लगाई थी.
जॉन हार्ट जूनियर का तर्क था कि उन्होंने द व्हाइट टाइगर किताब जिस पर ये फिल्म बनी है, उस पर फिल्म बनने का कॉपीराइट किताब के लेखक से 2009 में ही खरीद लिया था. इस किताब पर कॉपीराइट खरीदने का मकसद इसे बड़े पर्दे पर फिल्म के तौर पर पेश करने का था, लेकिन अब नेटफ्लिक्स पर इस फिल्म के रिलीज होने के बाद उनके कॉपीराइट के अधिकार का उल्लंघन हो रहा है. साथ ही इस किताब पर उन्होंने बड़े स्तर पर फिल्म बनाने का जो सपना देखा था, वो भी बर्बाद हो गया.
हालांकि दिल्ली हाई कोर्ट ने जॉन की इस याचिका को खारिज कर दिया है. कोर्ट ने कहा कि इस फिल्म की रिलीज को लेकर उन्हें पिछले साल अक्टूबर से ही जानकारी थी. ऐसे में रिलीज से कुछ घंटे पहले फिल्म को रोकने के लिए लगाई गई याचिका पर फिल्म की रिलीज को नहीं रोका जा सकता क्योंकि इससे निर्माता और निर्देशकों की व्यवस्था एक हित जुड़े हुए हैं. कोर्ट ने ये भी कहा कि फिल्म पर रोक लगाने का फिलहाल कोई औचित्य नहीं है जब तक कि इस मामले से जुड़े सभी पक्षकारों का अपना वर्जन कोर्ट के सामने ना हो.