सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा पारा, बढ़ी गलन

गोरखपुर महानगर में शीतलहर ने जोरदार दस्तक दी है। लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी शून्य रही। दिन का तापमान रात के पारे के करीब पहुंच गया। गलन शुरू हो गई। हाड़ कंपाती ठंड के बीच दिन का पारा सामान्य से छह डिग्री नीचे चला गया है। बीते 24 घंटे में रात के तापमान खास अंतर नहीं हुआ है।
बुधवार को भी महानगर में सर्दी का सितम जारी रहा। लगातार दूसरे दिन घने कोहरे की चादर ने शहर को अपने आगोश में समेटे रखा। सुबह आठ बजे तक विजिबिलिटी शून्य रही। कोहरे की धुंध आसमान में बादलों की तरह पसरी रही। बुधवार को गलन बढ़ गई। दिन में सूरज बादलों की ओट में ही छिपा रहा। इसके कारण बीते 24 घंटे में दिन का तापमान चार डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया। मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस हो गया।
सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा दिन का तापमान
बुधवार को 10 किलोमीटर की रफ्तार से दक्षिण-पूर्व हवाएं चलीं। दिन में तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। हालांकि बीते 24 घंटे में रात के तापमान में बहुत अंतर नहीं हुआ। बुधवार को रात का न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान में 3.9 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा।
अभी और लुढ़क सकता है पारा
मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव के आसार नहीं है। पूर्वी यूपी में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। ऐसे में घना कोहरा छाया रहेगा। दक्षिण पूर्व की हवाएं चलेंगी। बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट हो सकती है।