रेलवे ने किसान आंदोलन की वजह से रद्द की कई ट्रेनें, कई का बदला रूट

केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन जारी है. किसानों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है. इस आंदोलन में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के किसान शामिल हैं. किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है तो कुछ का रूट डायवर्ट कर दिया है. वहीं, कुछ ट्रेनों को आंशिक तौर पर रद्द भी किया गया है.
रेलवे ने जिन ट्रेनों को आंशिक तौर पर रद्द करती हैं, वो आधे रास्ते में ही टर्मिनेट हो जाती हैं. इसके बाद उसी जगह से फिर शुरू होती हैं. रेलवे ने अजमेर से अमृतसर जाने वाली ट्रेन संख्या 09613 स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 8 दिसंबर को रद्द कर दी है. वहीं, अमृतसर से अजमेर लौटने वाली ट्रेन संख्या 09612 स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 9 दिसंबर को रद्द रहेगी. रेलवे नेे बताया कि डिब्रुगढ़ से अमृतसर जाने वाली ट्रेन संख्या 05211 स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 8 दिसंबर को तो अमृतसर से डिब्रुगढ़ लौटने वाली ट्रेन संख्या 05212 स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 10 दिसंबर को रद्द रहेगी. इसके अलावा अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस (04650) स्पेशल ट्रेन 8 दिसंबर को डायवर्ट कर दी गई है. ये ट्रेन अमृतसर-तरनतारन-बीस होते हुए गुजरेगी.