
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना घोषणा पत्र (Manifesto) जारी कर दिया है। केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज पटना में भाजपा के ‘5 सूत्र, एक लक्ष्य, 11 संकल्प’ के विजन डाक्यूमेंट को जारी किया। घोषणा पत्र में जनता से कई वायदे किए गए हैं।
आरजेडी की तरह बीजेपी ने भी बिहार के युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है। बीजेपी ने कहा आरजेडी के 10 लाख नौकरी देने के वादे के जवाब में 19 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया है। आपको बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार अपने इस वादे का रैलियों में जिक्र करते हैं। साथ ही वह भी करते हैं कि कैबिनेट की पहली बैठक में वह इसपर फैसला लेंगे।
आरजेडी के 10 लाख लोगों को नौकरी देने के वादे पर बीजेपी और जेडीयू के नेता लगातार हमला करते आ रहे हैं। अब देखना होगा कि वे बीजेपी के इन दावों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
आपको बता दें कि बिहार के लिए भाजपा ने अपने विजन डाक्यूमेंट में 11 संकल्प किए हैं। इनमें सबसे पहला है कि अगर सत्ता में आए तो कोरोना वैक्सीन का मुफ्त टीकाकरण किया जाएगा।
इस मौके पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारणण ने कहा, ‘बिहार एक ऐसा राज्य है जहां सभी नागरिक राजनीतिक रूप से संवेदनशील और अच्छी तरह से जानकारी रखते हैं। वे उन वादों को जानते और समझते हैं जिन्हें पार्टी करती है। अगर कोई भी हमारे घोषणापत्र पर सवाल उठाता है, तो हम उन्हें विश्वास के साथ जवाब दे सकते हैं। हमने जो वादा किया था उसे पूरा करते हैं।’