भारत ने पृथ्वी-2 मिसाइल का एक और परीक्षण किया, 350 KM तक दुश्मन पर हमला करने में सक्षम

भारत ने ओडिशा तट पर स्वदेशी रूप से विकसित परमाणु सक्षम पृथ्वी-2 बैलिस्टिक मिसाइल का एक और रात्रि परीक्षण किया. सतह से सतह पर मार करनेवाली अत्याधुनिक मिसाइल को बालासोर के नजदीक चांदीपुर स्थित आईटीआर के लॉन्चिंग कॉम्पलेक्स-3 से रात में दागा गया और परीक्षण सफल रहा.
डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के एक अधिकारी ने बताया कि मिसाइल को एक मोबाइल लॉंचर से दागा गया जो 350 किलोमीटर की दूरी तक मार कर सकती है. मिसाइल के प्रक्षेपण पथ पर रडारों, इलेक्ट्रो-ऑप्टीकल ट्रैकिंग प्रणाली और टेलीमेट्री स्टेशनों से नजर रखी गई. बंगाल की खाड़ी में प्रभाव बिन्दु के नजदीक स्थित एक पोत पर तैनात टीमों ने मिसाइल द्वारा लक्ष्य को नष्ट किए जाने के दृश्य पर नजर रखी.