
बरेली। शहर के उन बाशिंदों के लिए बड़ी राहत की खबर है, जो वर्षों से पेयजल किल्लत और लो-प्रेशर की समस्या से जूझ रहे हैं। स्मार्ट सिटी बरेली की प्यास बुझाने के लिए 265 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल पेयजल परियोजना का आगाज हो गया है। गुरुवार को महापौर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और जल निगम के अधिशासी अभियंता संजय कुमार ने बाकरगंज में विधिवत भूमि पूजन कर इस महत्वाकांक्षी योजना की नींव रखी।
जल निगम (नगरीय) द्वारा संचालित इस प्रोजेक्ट के तहत पूरे शहर में 302 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद शहर के 76,465 घरों को सीधा नया वाटर कनेक्शन मिल सकेगा।
नए वार्डों तक पहुंचेगा पानी, जर्जर लाइनों से मिलेगी मुक्ति
शहर के कई बाहरी और नए विकसित हुए वार्डों में अब तक पेयजल पाइपलाइन नहीं पहुंच पाई थी, वहीं पुराने इलाकों में जर्जर पाइपलाइन आए दिन टूटने से पानी की बर्बादी और किल्लत बनी रहती थी। इस प्रोजेक्ट के जरिए इन दोनों समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।