
बरेली। शहर के सौंदर्यीकरण और राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देने के लिए रामपुर बाग स्थित पटेल चौक को नया स्वरूप दिया गया है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने फीता काटकर यहां स्थापित विभिन्न प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। इस चौक पर देश की सैन्य शक्ति, किसानों के परिश्रम और वैज्ञानिक उपलब्धियों की झलक देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय वायुसेना की पहली महिला फाइटर पायलट अवनी चतुर्वेदी और पहले भारतीय आईएसएस अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की प्रतिमाएं रहीं। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि यह पहल युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में विभिन्न क्षेत्रों के योगदान से परिचित कराएगी और उनमें देशभक्ति का संचार करेगी। कार्यक्रम में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।